मां की बात कार्यक्रम से पूर्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के शहर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुरी मंडल के वार्ड-62, इंदिरा नगर में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल मंत्री अजय कुमार सिंघल के आवास पर किया गया, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के उपरांत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व भाजपा विधायक प्रत्याशी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने मंडल प्रभारी एवं भाजपा जिला मंत्री दीपक वर्मा के साथ महान राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

इसके बाद सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रहित, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और समाज सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर रखे गए विचारों को सभी ने गंभीरता और उत्साह के साथ सुना।
कार्यक्रम के उपरांत वार्ड-62 में वृक्षारोपण किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और प्रत्येक नागरिक को देश के विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज हित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में ब्रह्मपुरी मंडल अध्यक्ष अरविंद अरोड़ा, मनोनीत पार्षद संजय शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेत्री उमा चतुर्वेदी सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति रही। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया और अंत में पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।