मेधावी खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को प्रख्यात समाजसेवी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे स्वर्गीय श्री जयंती प्रसाद की जयंती श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणादायी वातावरण के बीच मनाई गई। विद्यालय के दैनिक वंदना सत्र को विशेष रूप से उनके जीवन, व्यक्तित्व, विचारों और समाज के प्रति किए गए योगदान को समर्पित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अतिथियों और स्वर्गीय जयंती प्रसाद के परिजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रभात कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका परिचय कराया और स्वर्गीय जयंती प्रसाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय सद्भाव प्रमुख श्री अरुण जिंदल ने कहा कि स्वर्गीय जयंती प्रसाद का जीवन समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का जीवंत उदाहरण था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित किया। ऐसे व्यक्तित्व की जयंती मनाना केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि छात्र जाति, पंथ और क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और समाज सेवा की भावना को अपने जीवन में आत्मसात कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय जयंती प्रसाद की पुत्रवधू श्रीमती सुप्रिया चौधरी ने उनके जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय जयंती प्रसाद एक समर्पित समाजसेवी थे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने अपने जीवन में अनुशासन, सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा सदैव ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के सिद्धांत पर कार्य किया।
खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण स्वर्गीय जयंती प्रसाद की स्मृति में विद्यालय के दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित करना रहा। उनके परिवार की ओर से विद्यालय की छात्रा दीपांशी सोम, जिन्होंने कुश्ती में एसजीएफआई (SGFI) स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, तथा छात्र शिवांश उपाध्याय, जिन्होंने शूटिंग प्रतियोगिताओं में एसजीएफआई स्तर तक सफलता प्राप्त की है, को स्मृति चिन्ह, ट्रैकसूट और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायी है और वे भविष्य में और अधिक मेहनत कर विद्यालय, जनपद तथा देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का प्रयास करेंगे।
परिवार की रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर स्वर्गीय जयंती प्रसाद के परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सविता चौधरी, पुत्री श्रीमती मालविका चौधरी, पुत्र श्री कपिल चौधरी, दामाद श्री कपिल देव तथा पुत्रवधू श्रीमती सुप्रिया चौधरी ने सहभागिता की। परिवार के सदस्यों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस स्मृति समारोह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय जयंती प्रसाद शिक्षा, संस्कार और खेल प्रतिभाओं को सदैव प्रोत्साहित करते थे। ऐसे आयोजनों से उनकी स्मृतियां सदैव जीवंत बनी रहेंगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य श्री कृष्ण कुमार शर्मा एवं श्री राकेश कुमार गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय जयंती प्रसाद के व्यक्तित्व, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रभात कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, परिजनों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार स्वर्गीय जयंती प्रसाद के आदर्शों और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती अंजलि अग्रवाल ने किया, जबकि राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।