रालोद खेल प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता देवी का स्वागत करती संगीता दोहरे
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (खेल प्रकोष्ठ) की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कविता देवी के जनपद मेरठ आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री संगीता दोहरे ने उन्हें पुष्पमाला एवं पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय लोकदल (खेल प्रकोष्ठ) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक तोमर के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता देवी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और कहा कि उनके नेतृत्व में खेल प्रकोष्ठ देशभर में खिलाड़ियों के हितों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाएगा तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाएगा। मेरठ में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता देवी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए खेल नीति, खिलाड़ियों के अधिकार, ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने, खेल अवसंरचना के विस्तार तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि देश के गांवों और कस्बों में अपार खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित संसाधन, प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल खेलों को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम मानता है। पार्टी का प्रयास रहेगा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जाए। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह द्वारा खेल अवसंरचना के विकास के लिए सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MPLADS) का 100 प्रतिशत खेल सुविधाओं के विकास हेतु समर्पित करने के निर्णय की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय खिलाड़ियों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी दूरदर्शी सोच और खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे खेल मैदानों, प्रशिक्षण केंद्रों और अन्य खेल सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय लोकदल खिलाड़ियों के हितों की रक्षा, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे, नरेंद्र खजूरी, दीपक तोमर, संजय पनवाड़ी, अभिमन्यु ललसाना, ज्योति शर्मा, आर्यन चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे