एडीजी मेरठ ने पुरा महादेव मंदिर का निरीक्षण किया
बागपत। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, श्री भानु भास्कर ने जनपद बागपत के थाना बालैनी क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी, पुलिस अधीक्षक बागपत सूरज कुमार राय सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पुरा महादेव मंदिर परिसर स्थित गेस्ट हाउस में पुलिस बल की सलामी लेकर की गई।
इसके बाद एडीजी मेरठ जोन ने अधिकारियों के साथ पुरा महादेव मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने कांवड़ियों के आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न होने पाए और श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी भानु भास्कर ने ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन भी किया। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गेस्ट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं कांवड़ मार्ग पर नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी और यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।