"छात्रों की गूंज" अभियान को व्यापक समर्थन
मेरठ। कांग्रेस के छात्र-युवा केंद्रित अभियान ‘छात्रों की गूंज’ को मेरठ में लगातार व्यापक समर्थन मिल रहा है। अभियान के नौवें दिन भी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इसमें भागीदारी की और शिक्षा, रोजगार तथा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज़ बुलंद करने के लिए अभियान से जुड़ते रहे। अभियान के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जनसंपर्क कर छात्रों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया और उनसे आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
शहर संयोजक अवनीश काजला के नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने मेरठ कॉलेज, एनएएस कॉलेज, विभिन्न विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों से संवाद स्थापित किया और उन्हें अभियान के उद्देश्य, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों तथा संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में छात्रों ने मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़कर अपना समर्थन दर्ज कराया।
अभियान के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि अभियान को मिल रहा लगातार समर्थन इस बात का संकेत है कि छात्र वर्ग अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर है तथा वह इन मुद्दों पर संगठित होकर अपनी बात रखना चाहता है।
इस अवसर पर शहर संयोजक अवनीश काजला ने कहा कि प्रदेश का छात्र-युवा वर्ग शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर पहले से अधिक जागरूक हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था की विभिन्न खामियों के कारण छात्र स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनका कहना था कि अब छात्र लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होकर अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए आवाज़ उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य केवल छात्रों को जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को सुनना, उन्हें एक साझा मंच उपलब्ध कराना और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना भी है। अभियान के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया जा रहा है ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों से आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। साथ ही उन्हें बताया गया कि यह अभियान शिक्षा की गुणवत्ता, रोजगार के अवसर, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े अन्य विषयों को लेकर व्यापक जनसंवाद स्थापित करने का प्रयास है।
नौवें दिन के अभियान में शहर संयोजक अवनीश काजला के अलावा अल्तमस त्यागी, शान्तनु सिंह, रीना शर्मा, शिवकुमार शर्मा, विकास शर्मा, अज़ीम प्रधान, सुमित विकल, फरहान चौधरी, अफरोज सैफी, मुस्तजाब चौधरी, डॉ. अशोक आर्य, सचिन शर्मा, हमजा चौहान, सोनम रानी, रवि कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।