हस्तिनापुर के भीमकुंड मार्ग के कटान को देखते आम आदमी पार्टी के मेरठ जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी
मेरठ। आम आदमी पार्टी (आप) मेरठ ने हस्तिनापुर क्षेत्र के भीमकुंड मार्ग पर जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से इसका स्थायी समाधान कराने की मांग की है। पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी ने शनिवार को भीमकुंड मार्ग का निरीक्षण किया और मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार से विस्तृत बातचीत कर समस्या के समाधान को लेकर चर्चा की।
अंकुश चौधरी ने कहा कि लगातार जलभराव के कारण क्षेत्र के किसानों की फसलें पूरी तरह प्रभावित हो रही हैं। खेतों में पानी भर जाने से खड़ी फसलें नष्ट होने की कगार पर हैं, जबकि कई ग्रामीणों के घरों में भी पानी घुस गया है। इसके साथ ही पशुओं के लिए रखा गया चारा भी खराब हो रहा है, जिससे किसानों के सामने दोहरी आर्थिक समस्या खड़ी हो गई है।
उन्होंने बताया कि स्थिति तब और गंभीर हो गई जब अज्ञात लोगों द्वारा जेसीबी मशीन से भीमकुंड मार्ग को काट दिया गया। इसके चलते हजारों ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे दैनिक जीवन और कृषि कार्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
“प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे किसान”
अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया कि यदि लोक निर्माण विभाग समय रहते आवश्यक पुलियों का निर्माण कर देता और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर देता, तो आज किसानों और आम नागरिकों को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार हुई फसलें जलभराव में बर्बाद हो रही हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। सरकार को इस मामले में जिम्मेदारी तय करनी चाहिए और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से होगी वार्ता
आप जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में पार्टी लगातार पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और जिला प्रशासन के संपर्क में है। विभागीय अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि पुलिया निर्माण सहित आवश्यक कार्यों का प्रस्ताव फिलहाल लंबित है।
अंकुश चौधरी ने कहा कि वे रविवार को जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर भीमकुंड मार्ग की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। उन्होंने मांग की कि पुलिया निर्माण, जल निकासी व्यवस्था और सड़क की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि भविष्य में हर वर्ष किसानों और आमजन को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
स्थायी समाधान की उठाई मांग
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि भीमकुंड मार्ग पर जलभराव की समस्या का वैज्ञानिक एवं स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था विकसित कर सड़क को शीघ्र यातायात के लिए सुचारु किया जाए, ताकि किसानों की फसलें सुरक्षित रह सकें और क्षेत्र के हजारों लोगों का आवागमन सामान्य हो सके।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान आम आदमी पार्टी के जिला संरक्षक एस.के. शर्मा, जिला महासचिव हेम कुमार, जिला सचिव वैभव मलिक, जिला सचिव अतुल नगर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।