कलानिधि नैथानी डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र
मेरठ। मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने 12 जुलाई 2026 को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम दिया। मेरठ, बागपत, बुलंदशहर और हापुड़ जनपदों की पुलिस टीमों ने चोरी, साइबर अपराध, अवैध हथियार, जुआ और गुमशुदा बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया तथा अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिगों को सकुशल बरामद किया।
मेरठ में बीएसएनएल की भूमिगत केबल काटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
मेरठ के थाना सदर बाजार पुलिस ने बीएसएनएल की अंडरग्राउंड कॉपर केबल काटने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से कॉपर केबल के टुकड़े और कनेक्टर वायर बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
बागपत में चोरी के बड़े गिरोह का खुलासा
बागपत जिले के थाना बिनौली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के सामान का बड़ा जखीरा बरामद किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया इन्वर्टर, दो बैटरियां, दो एक्सपर्ट टॉल ट्यूबुलर बैटरियां, चाकू, प्लास, तार काटने वाला कटर, पेचकस, प्लास्टिक पाइप के चार बंडल, तीन फेस केबल, ट्यूबवेल का स्टार्टर, चेंजओवर तथा कॉपर के 13 टुकड़े बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कीमत हजारों रुपये आंकी जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
लैपटॉप चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
बागपत के थाना छपरौली पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक चोरी किया गया लैपटॉप तथा एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
जुआ खेलते आठ लोग गिरफ्तार
थाना खेकड़ा पुलिस ने जुआ खेलने की सूचना पर छापेमारी करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से छह हजार रुपये नकद तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।
चेकिंग के दौरान अवैध चाकू के साथ आरोपी दबोचा
बागपत कोतवाली पुलिस ने नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुलंदशहर में ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत पांच संदिग्ध खाताधारक गिरफ्तार
बुलंदशहर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत थाना जहांगीराबाद, सिकंद्राबाद, डिबाई, अहमदगढ़ और खुर्जा नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल पांच संदिग्ध म्यूल (संदिग्ध) खाताधारकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार इन खातों का उपयोग साइबर अपराध से जुड़े वित्तीय लेन-देन में किए जाने की आशंका है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
मेरठ में अपहृत किशोरी चार घंटे में सकुशल बरामद
मेरठ के थाना टीपीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 वर्षीय अपहृत किशोरी को घटना के मात्र चार घंटे के भीतर हापुड़ जनपद से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले का सफल अनावरण करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हापुड़ में तीन गुमशुदा किशोरियां सकुशल मिलीं
हापुड़ जिले के थाना पिलखुवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन गुमशुदा नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की परिजनों ने सराहना की।
अपराधियों पर लगातार जारी है कार्रवाई
मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी, साइबर अपराध, अवैध हथियार, जुआ, महिला एवं बाल अपराध जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। साथ ही आमजन से भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।