छात्रों की गूंज अभियान जारी
मेरठ। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के 16वें दिन मेरठ में छात्र-छात्राओं और युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा। शहर के विभिन्न कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों में अभियान की टीम पहुंची, जहां बड़ी संख्या में छात्रों ने अभियान से जुड़कर शिक्षा, रोजगार और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
अभियान का नेतृत्व कर रहे शहर संयोजक अवनीश काजला ने बताया कि मेरठ एक्शन टीम ने छात्रों के बीच जाकर अभियान के उद्देश्य और इसकी रूपरेखा से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़कर अपना समर्थन व्यक्त किया।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को लेकर छात्रों से संवाद
अवनीश काजला ने कहा कि आज का युवा केवल अपनी पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि वह शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रोजगार के बेहतर अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और बढ़ती बेरोजगारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करना चाहता है। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान इन्हीं छात्र हितों से जुड़े विषयों को संगठित रूप से उठाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि मेरठ में लगातार बढ़ता छात्र समर्थन यह दर्शाता है कि युवा वर्ग अपने भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर जागरूक है और बदलाव की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाना चाहता है।
अधिक से अधिक छात्रों से जुड़ने की अपील
अवनीश काजला ने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और अपने साथियों को भी जोड़ें, ताकि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं की एकजुट आवाज ही शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों को प्रभावी ढंग से सामने ला सकती है।
अभियान में रहे ये कार्यकर्ता मौजूद
अभियान के दौरान शहर संयोजक अवनीश काजला के साथ अल्तमस त्यागी, निशांत चौधरी, सुमित विकल, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, अज़ीम प्रधान, फरहान चौधरी, रवि कुमार, आयुष जाटव, अहमद, आलम, संदीप शर्मा, हर्ष चौधरी और वाशु काजला सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्रों से संवाद किया और उन्हें अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।