विद्यार्थियों ने अग्नि से बचाव कार्य का किया प्रदर्शन
मेरठ। प्रेसिडेंसी पब्लिक स्कूल में आयोजित नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को प्रभावी एवं प्रेरणादायक समापन हुआ। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन तथा बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) प्रस्तुत कर अपनी सीख और दक्षता का परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत से हुई। नागरिक सुरक्षा, मेरठ की ओर से डिप्टी चीफ वार्डेन नरेंद्र मलिक तथा सहायक उपनियंत्रक नवीन नारंग का विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इसके साथ ही नागरिक सुरक्षा संगठन के अन्य पदाधिकारियों का भी सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों ने सबसे पहले स्ट्रेचर एवं लिफ्टिंग मेथड का प्रदर्शन करते हुए बताया कि किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से अस्पताल तक कैसे पहुंचाया जाता है। बच्चों ने विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कर उपस्थित लोगों को समझाया कि प्राथमिक उपचार के दौरान सही तरीके से घायल को उठाना और ले जाना कितना महत्वपूर्ण होता है।
इसके बाद विद्यार्थियों ने अग्निशमन का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने पेट्रोल से लगी आग तथा लकड़ी में लगी आग को नियंत्रित करने के अलग-अलग तरीकों का प्रदर्शन किया। बच्चों ने रेत तथा फायर सेफ्टी तकनीकों का उपयोग कर आग बुझाने की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया। इस प्रदर्शन ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों को प्रभावित किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी चीफ वार्डेन नरेंद्र मलिक ने कहा कि आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग सदैव उपलब्ध रहता है, लेकिन कई बार घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग सकता है। ऐसे में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि आम नागरिकों को आग पर प्रारंभिक नियंत्रण करने के सुरक्षित तरीके मालूम हों तो बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को आपदा प्रबंधन और प्राथमिक बचाव के बारे में जानकारी होनी चाहिए तथा समाज का जागरूक नागरिक बनकर दूसरों की सहायता के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उपेन्द्र कुमार भारद्वाज ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसे उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति में सही निर्णय लेकर समाज की मदद कर सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अब्दुल रमेश, गरिमा, अतुल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। समापन पर सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई और उन्हें भविष्य में भी नागरिक सुरक्षा से जुड़े प्रशिक्षणों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।