महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. निवेदिता ने छात्राओं प्रोत्साहित किया
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज, मेरठ की योगिक साइंस विभाग की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित योग प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्टिस्टिक योग ग्रुप प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है और छात्राओं की सफलता पर शिक्षकों एवं छात्राओं ने हर्ष व्यक्त किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता कुमारी ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर दोनों छात्राओं के साथ-साथ योगिक साइंस विभाग की शिक्षिकाओं को बधाई देते हुए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। ऐसी उपलब्धियां महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्य गतिविधियों की उत्कृष्ट परंपरा को और मजबूत करती हैं।
योगिक साइंस विभाग की प्रभारी प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि महाविद्यालय की तृतीय वर्ष की छात्राएं योशना और मनीषा ने सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित योग ओपन प्रतियोगिता में आर्टिस्टिक योग ग्रुप श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं ने अपनी लय, संतुलन, लचीलापन और योग कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया, जिसके आधार पर उन्हें तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
प्रो. भावना मित्तल ने कहा कि दोनों छात्राओं ने प्रतियोगिता के दौरान पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ प्रदर्शन किया। उनकी सफलता न केवल योग विभाग बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी छात्राएं इसी तरह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाओं ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि खेल और योग जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास करती हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने भी छात्राओं की इस उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया और कहा कि कॉलेज में शिक्षा के साथ-साथ खेल, योग और अन्य सह-पाठ्य गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है, जिससे छात्राओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज की यह उपलब्धि मेरठ के शिक्षा जगत के लिए भी गर्व का विषय है। महाविद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर महाविद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।