कार्यक्रम को संबोधित करते श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ राजीव त्यागी
मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय एवं संस्थान में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन में वर्षभर चलने वाले “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेते हुए नशे के खिलाफ जनजागरण का संकल्प लिया।
विश्वविद्यालय के डॉ. सी.सी. रमन सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे, वित्त निदेशक युवराज सिंह तथा कुलसचिव पीयूष पांडे ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।
पूरे वर्ष चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत पूरे वर्ष विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जागरूकता संगोष्ठियां, नुक्कड़ नाटक, यूथ काउंसलिंग, पोस्टर प्रदर्शनी, रैलियां, शपथ अभियान और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल परिसर तक सीमित न रहकर आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
केवल कानून नहीं, जनभागीदारी भी जरूरी : डॉ. राजीव त्यागी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कठोर कानून बना देना पर्याप्त नहीं है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए पूरे समाज की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि देश के उच्च शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक को इस अभियान का हिस्सा बनना होगा। यदि हर व्यक्ति अपने परिवार और समाज को नशे से दूर रखने का संकल्प ले, तभी “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज को भी इस दिशा में जागरूक करें।
विकसित भारत का सपना नशामुक्त युवा शक्ति से होगा साकार : सुधीर गिरी
वेंकटेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार के अवसर और कौशल विकास जितने आवश्यक हैं, उतना ही जरूरी युवाओं का नशे से मुक्त रहना भी है।
उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेगा तो देश की उत्पादक क्षमता बढ़ेगी, अपराध कम होंगे और राष्ट्र सामाजिक एवं आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनेगा।
नशामुक्त युवा ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला : कुलपति
कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को नष्ट कर देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जब युवा स्वस्थ और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी एक स्वस्थ, सशक्त और सुरक्षित भारत का निर्माण संभव होगा।
जन-जागरूकता को मिलेगा व्यापक स्वरूप
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान छात्र-छात्राएं विभिन्न माध्यमों से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। पोस्टर प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, काउंसलिंग सत्र, संवाद कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रतिकुलपति डॉ. मानस रंजन पाणिग्रही, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. नीतू पवार, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. आयशा वाहिद, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. अरुण गोस्वामी, डॉ. स्नेह लता, डॉ. योगेश्वर शर्मा, मेरठ परिसर के निदेशक डॉ. पंकज सिंह, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा समाज में जागरूकता फैलाकर “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।