सुरक्षा आपकी संकल्प हमारा
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेरठ प्रशासन द्वारा स्थापित एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (आई ट्रिपल सी) लगातार हाईटेक निगरानी कर रहा है। लाइव आईपी कैमरों और इंटरनेट आधारित सीसीटीवी नेटवर्क की मदद से कांवड़ मार्गों पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसी सतर्क निगरानी के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया, जब भोला की झाल क्षेत्र में तीन कांवड़ यात्रियों को नहर के किनारे से सुरक्षित हटाकर उनकी जान बचाई गई। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को आई ट्रिपल सी कंट्रोल सेंटर में तैनात कर्मचारियों ने भोला की झाल क्षेत्र में लगे लाइव आईपी कैमरे की फुटेज के दौरान देखा कि तीन कांवड़ यात्री नहर की झाल के बेहद नजदीक जाकर झांक रहे थे। यह स्थान पहले भी दुर्घटनाओं और जनहानि की घटनाओं के कारण संवेदनशील माना जाता रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल सेंटर से तुरंत संबंधित सेक्टर पुलिस अधिकारी और मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और तीनों कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर संभावित दुर्घटना होने से बचा लिया। समय पर हुई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
हाईटेक निगरानी से यात्रा पर हर पल नजर
प्रशासन के अनुसार, आई ट्रिपल सी के माध्यम से केवल दुर्घटना संभावित स्थानों की ही निगरानी नहीं की जा रही है, बल्कि पूरे कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही, यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक जाम, कांवड़ियों की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
कंट्रोल सेंटर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना को छह अलग-अलग रजिस्टरों में व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जा रहा है। इसके बाद संबंधित विभागों और अधिकारियों को तत्काल सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाती है, जिससे किसी भी समस्या का त्वरित समाधान हो सके।
39 महत्वपूर्ण इनपुट्स पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अब तक लाइव आईपी कैमरों के माध्यम से प्राप्त 39 महत्वपूर्ण इनपुट्स पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनका सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि इन सभी मामलों में औसत रिस्पांस टाइम तीन मिनट से भी कम रहा, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए मेरठ पुलिस और जिला प्रशासन आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग कर रहे हैं। लाइव कैमरों, कंट्रोल सेंटर, त्वरित संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के समापन तक आई ट्रिपल सी कंट्रोल सेंटर से इसी प्रकार 24 घंटे निगरानी जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।