हरियाली तीज के उपलक्ष पर महिलाओं को साड़ी वितरण करते संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष नीरज मित्तल
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज के उपलक्ष्य में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट, मेरठ की ओर से लालकुर्ती स्थित एसजीएम गार्डन में 501 जरूरतमंद माताओं एवं बहनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 501 महिलाओं को सम्मान स्वरूप साड़ी भेंट की गई और उनके लिए स्नेह भोज की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम स्थल को तिरंगा थीम के अनुरूप सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्सव का वातावरण दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त व्यापार संघ, मेरठ के उपाध्यक्ष एवं पायल फर्नीचर के श्री नीरज मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद महिलाओं का सम्मान और सहयोग समाज में एकता, भाईचारे तथा सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट परिवार समाजोत्थान और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, मेरठ श्रीमती नूपुर गोयल, आईएएस की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद माताओं एवं बहनों को सम्मान स्वरूप साड़ी भेंट करने का यह प्रयास देशभक्ति के साथ सामाजिक और धार्मिक भावनाओं से भी जुड़ा है। उन्होंने ट्रस्ट की प्रस्तावित अस्पताल, वृद्धाश्रम, मंदिर, यज्ञशाला एवं सामूहिक भवन जैसी परियोजनाओं की सराहना करते हुए इन्हें समाज के विभिन्न वर्गों के लिए उपयोगी बताया।

महिलाओं को तिरंगा फहराने का आह्वान
ट्रस्ट के महामंत्री गिरीश कुमार बंसल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद माताओं एवं बहनों को केवल सहयोग देना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, अपनत्व और सामाजिक सहभागिता का अनुभव कराना भी है। उन्होंने महिलाओं से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर एवं आसपास तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना व्यक्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पंजीकृत 501 माताओं एवं बहनों को साड़ी भेंट की गई। आयोजकों के अनुसार, सभी महिलाओं का पूर्व पंजीकरण किया गया था और आधार कार्ड की प्रतियां प्राप्त की गई थीं। निर्धारित वेशभूषा के अनुसार महिलाओं ने साड़ी पहनकर कार्यक्रम में सहभागिता की।

दिव्य ज्योति जागृति संस्थान ने दी प्रस्तुति
कार्यक्रम में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से लघु नाटिका और प्रेरणादायी व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से महिलाओं को स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के महत्व की जानकारी दी गई तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय मूल्यों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, कार्यालय मंत्री अनुराधा ‘अनु अग्रवाल’, श्री विकास, पुलकित, दीपक, अमित, राजीव, पुष्कर, अजय एवं मुकेश सहित ट्रस्टी पिंकी गोयल, निधि गर्ग, शिवानी मित्तल, रूचि अग्रवाल, आशा सिंह, मोनिका जैन और आंचल गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी राहुल गुप्ता ने संभाली।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के महामंत्री गिरीश कुमार बंसल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित माताओं-बहनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का उद्देश्य मानव सेवा, पशु सेवा और प्रकृति सेवा के माध्यम से समाजहित में निरंतर कार्य करना है।