बेगम पुल नमो भारत स्टेशन पर सुरों की महफिल सजाते स्वरांग बैंड के कलाकार
मेरठ, 11 सितंबर 2026। यात्रियों के सफर को संगीत और मनोरंजन से जोड़ने वाली एनसीआरटीसी की लोकप्रिय पहल ‘नमो भारत अनप्लग्ड : लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज’ का तीसरा सीजन शुक्रवार को मेरठ पहुंच गया। सीजन-3 का शुभारंभ बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर हुआ। कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से यात्रियों और संगीत प्रेमियों का मन मोह लिया। अब प्रत्येक शुक्रवार शाम 5 बजे से 6 बजे तक बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर लाइव म्यूजिक की यह विशेष महफिल सजाई जाएगी।
यात्रियों की मांग पर मेरठ तक पहुंचा संगीत का सफर
एनसीआरटीसी की इस पहल को पिछले दो वर्षों के दौरान यात्रियों और संगीत प्रेमियों की ओर से उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिली है। इसी लोकप्रियता और लोगों की मांग को देखते हुए ‘नमो भारत अनप्लग्ड’ के तीसरे सीजन का विस्तार मेरठ तक किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को रोजमर्रा के सफर के दौरान कुछ समय संगीत के साथ बिताने का अवसर देना है, ताकि उनका आवागमन केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने तक सीमित न रहे, बल्कि एक सुखद अनुभव भी बन सके।
एमआईईटी के ‘स्वरांग’ बैंड और अंशुमन द्विवेदी ने बांधा समां
सीजन-3 के उद्घाटन कार्यक्रम में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के म्यूजिकल बैंड ‘स्वरांग’ ने विभिन्न संगीतमय प्रस्तुतियां देकर स्टेशन का माहौल सुरमयी बना दिया। इसके साथ ही युवा कलाकार अंशुमन द्विवेदी ने अपनी गायकी से यात्रियों और संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों का यात्रियों ने तालियों और उत्साह के साथ स्वागत किया।
लाइव म्यूजिक के दौरान स्टेशन पर मौजूद कई यात्री कलाकारों के साथ गुनगुनाते और संगीत का आनंद लेते नजर आए। कुछ यात्रियों ने प्रस्तुतियों के वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किए और उन्हें सोशल मीडिया पर भी साझा किया। संगीत की प्रस्तुतियों के बीच बेगमपुल स्टेशन का माहौल रोजमर्रा की भागदौड़ से अलग एक खुशनुमा और जीवंत अनुभव में बदल गया।

हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे तक होगी लाइव म्यूजिक की प्रस्तुति
एनसीआरटीसी के अनुसार, अब बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर प्रत्येक शुक्रवार शाम 5 बजे से 6 बजे तक ‘नमो भारत अनप्लग्ड : लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज’ के तहत लाइव म्यूजिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग कलाकारों और संगीत समूहों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में यात्री और आम संगीत प्रेमी भी शामिल होकर लाइव प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे।
शहर के प्रमुख मोबिलिटी हब के रूप में उभरा बेगमपुल स्टेशन
मेरठ शहर के केंद्र में स्थित बेगमपुल नमो भारत स्टेशन कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों में शामिल है। आबू लेन मार्केट और शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र के बीच स्थित यह भूमिगत स्टेशन नमो भारत और मेरठ मेट्रो, दोनों सेवाओं से जुड़ा है। यात्रियों की बड़ी संख्या में आवाजाही के कारण यह स्टेशन शहर के महत्वपूर्ण मोबिलिटी हब के रूप में भी उभर रहा है। ऐसे में स्टेशन पर नियमित रूप से आयोजित होने वाली लाइव म्यूजिक की प्रस्तुतियां यात्रियों के सफर को और अधिक जीवंत बनाने में मदद करेंगी।
यात्रियों को रोजमर्रा की व्यस्तता के बीच मिलेगा संगीत का अनुभव
एनसीआरटीसी का कहना है कि इस पहल के पीछे उद्देश्य यात्रियों को रोजमर्रा की व्यस्त दिनचर्या के बीच कुछ पल रुककर संगीत का आनंद लेने का अवसर प्रदान करना है। साथ ही यह पहल यात्रियों, युवाओं, विद्यार्थियों और संगीत में रुचि रखने वाले लोगों के लिए एक ऐसा खुला मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम है, जहां कलाकार अपनी प्रतिभा लोगों के सामने प्रस्तुत कर सकें।
एनसीआरटीसी का प्रयास है कि नमो भारत स्टेशन केवल आवागमन के केंद्र न रहें, बल्कि कला, संस्कृति, रचनात्मकता और सामुदायिक अनुभवों से जुड़े जीवंत सार्वजनिक स्थलों के रूप में भी विकसित हों। ‘नमो भारत अनप्लग्ड’ इसी सोच का हिस्सा है, जिसमें यात्रियों को यात्रा के दौरान एक अलग और यादगार अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है।
2024 में गाजियाबाद से शुरू हुआ था सफर
‘नमो भारत अनप्लग्ड : लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज’ श्रृंखला का पहला सीजन वर्ष 2024 में गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर आयोजित किया गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में दूसरे सीजन का आयोजन आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर किया गया। दोनों सीजन के दौरान प्रत्येक शुक्रवार स्टेशन पर लाइव म्यूजिक की प्रस्तुतियां आयोजित की जाती थीं, जिन्हें यात्रियों की ओर से उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिली।
अब तीसरे सीजन के साथ यह संगीतमय सफर मेरठ पहुंच गया है। बेगमपुल स्टेशन पर हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे तक लाइव संगीत की प्रस्तुतियां यात्रियों को सफर के साथ सुरों का आनंद भी देंगी। एनसीआरटीसी को उम्मीद है कि मेरठ में भी इस पहल को यात्रियों और शहरवासियों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी।