मेरठ। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (Viksit Bharat Young Leaders Dialogue- VBYLD) 2027 का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय पहल के माध्यम से देशभर के युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के साथ ही विकसित भारत@2047 के संकल्प में योगदान देने का अवसर मिलेगा। जनपद मेरठ में भी युवाओं को इस अभियान से व्यापक स्तर पर जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय आयोजन
VBYLD-2027 का राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी के रूप में शामिल करना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार और भावी युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करना है।
अभियान के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने, भारत के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में योगदान देने, अपनी नेतृत्व क्षमता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करने तथा स्थानीय और राष्ट्रीय चुनौतियों के लिए नवीन समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही युवा विकसित भारत@2047 के लिए अपने विचार और दृष्टिकोण भी सामने रख सकेंगे।
उत्तर प्रदेश को ‘गंगा ग्रोथ बेल्ट’ के अंतर्गत रखा गया
VBYLD-2027 में उत्तर प्रदेश को ‘Ganga Growth Belt’ के अंतर्गत रखा गया है। इस क्षेत्र के लिए Demographic Dividend एवं Human Capital Development को प्रमुख विषय बनाया गया है। इसके तहत यह विचार केंद्र में रहेगा कि भारत की अमृत पीढ़ी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में किस प्रकार प्रमुख शक्ति बन सकती है।
मेरठ शिक्षा, खेल, उद्योग, उद्यमिता, नवाचार और सांस्कृतिक प्रतिभाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ऐसे में VBYLD-2027 जिले के युवाओं को अपनी स्थानीय प्रतिभा, विचार और नवाचार को विकसित भारत के व्यापक विकास विमर्श से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर सकता है।
छह प्रमुख ट्रैक में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
VBYLD-2027 के तहत युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभागिता के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट प्रमुख हैं।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में क्विज, निबंध और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से युवा विकसित भारत के लिए अपने विचार एवं समाधान प्रस्तुत करेंगे। वहीं सांस्कृतिक ट्रैक में लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, भाषण और कविता लेखन जैसी विधाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं युवा प्रतिभा को मंच मिलेगा।
डिजाइन फॉर भारत के तहत विकास से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के लिए नवाचारी एवं उपयोगी डिजाइन समाधान प्रस्तुत किए जा सकेंगे। हैक फॉर सोशल कॉज में तकनीक और नवाचार के माध्यम से सामाजिक एवं विकास संबंधी समस्याओं के समाधान विकसित करने का अवसर मिलेगा। इसी प्रकार यूथ एंटरप्रेन्योर चैलेंज में युवा उद्यमी अपने स्टार्टअप आइडिया और बिजनेस प्लान प्रस्तुत कर सकेंगे, जबकि यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।
क्विज से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी युवाओं की यात्रा
VBYLD-2027 के विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में प्रतिभागियों की यात्रा क्विज से शुरू होकर निबंध, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तर और फिर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी।
पहले चरण में विकसित भारत क्विज का आयोजन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक जनपद से शीर्ष 50 निबंधों का चयन जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण के लिए किया जाएगा। जिला स्तर पर शीर्ष दो प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय VBYLD के लिए किया जाएगा। इसके बाद प्रतिभागी राज्य स्तर से राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे।
VBYLD-2027 की प्रमुख समय-सारणी
अभियान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकसित भारत क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। इसके बाद विकसित भारत निबंध चरण 5 से 19 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। जिला चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर 2026, राज्य स्तरीय VBYLD 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाना निर्धारित है। राष्ट्रीय स्तर पर VBYLD का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा।
सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी मिलेगा राष्ट्रीय मंच
VBYLD-2027 के सांस्कृतिक ट्रैक के माध्यम से मेरठ की युवा प्रतिभाओं को लोक नृत्य, लोक गीत, लोक चित्रकला, भाषण और कविता लेखन सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस ट्रैक की प्रक्रिया भी जिला स्तर से शुरू होकर राज्य और उसके बाद राष्ट्रीय स्तर तक जाएगी। इसके लिए जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 1 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 के बीच किया जाना निर्धारित है। इसके माध्यम से मेरठ की कला, संस्कृति, साहित्य और अभिव्यक्ति से जुड़ी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
VBYLD-2027 में भाग लेने के लिए युवाओं का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक है। जो युवा पहले से MY Bharat पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
जनपद प्रशासन मेरठ की ओर से जिले के सभी पात्र युवाओं के साथ-साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, NSS, NCC, MY Bharat, BS&G, कौशल विकास संस्थानों, युवा संगठनों और अन्य संबंधित संस्थानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
मीडिया और युवा संगठनों से सहयोग की अपील
VBYLD-2027 को व्यापक स्तर पर युवाओं तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। प्रेस कवरेज, सोशल मीडिया, स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और युवा इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से युवाओं को अभियान के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जाएगा।
जनपद प्रशासन ने जिले के सभी मीडिया संस्थानों और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय युवा अभियान की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि मेरठ के पात्र युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
‘विकसित भारत@2047 प्रत्येक भारतीय की सामूहिक आकांक्षा’
प्रशासन की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि विकसित भारत@2047 केवल एक सरकारी संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय की सामूहिक आकांक्षा है। इस संकल्प को वास्तविकता में बदलने में भारत की युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
VBYLD-2027 युवाओं को केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध नहीं कराता, बल्कि उन्हें सोचने, अपने विचार प्रस्तुत करने, समाधान विकसित करने और नेतृत्व करने का अवसर भी देता है। मेरठ प्रशासन का प्रयास है कि जिले का प्रत्येक पात्र युवा इस अभियान से जुड़े, अपनी प्रतिभा एवं विचारों को सामने रखे और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
अभियान के संदेश के रूप में “मेरठ का युवा—विकसित भारत का युवा नेतृत्व” और “सोच मेरठ को, नेतृत्व भारत का” का आह्वान किया गया है।
नोडल अधिकारी बनाए गए यशवंत यादव
जनपद मेरठ में VBYLD-2027 के लिए मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी श्री यशवंत यादव को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान से संबंधित जानकारी एवं समन्वय के लिए उनका मोबाइल नंबर 7503703457 है।