मेरठ, 17 सितंबर 2026। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने गुरुवार को जनपद मेरठ के थाना परतापुर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, मैस, बैरक, थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का जायजा लिया। इसके साथ ही विवेचकवार लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम प्रहरियों से बेहतर समन्वय बनाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान DIG ने थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों से संवाद किया। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को सजग रहने तथा गांव में होने वाली छोटी से छोटी घटना की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। हल्का प्रभारियों और बीट आरक्षियों को ग्राम चौकीदारों के साथ बेहतर तालमेल बनाने तथा नियमित रूप से उनसे संपर्क और सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
DIG ने कहा कि सभी बीट कर्मी अपने-अपने बीट क्षेत्र में सक्रिय रहें और अपने क्षेत्र में पंजीकृत होने वाले अभियोगों की जानकारी रखें। साथ ही थाना क्षेत्र में जेल में निरुद्ध व्यक्तियों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी रखने तथा हवालात और रिमांड रजिस्टर को पूर्ण रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के लिए लोगों को थाने न बुलाया जाए
DIG ने पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्यापन कराने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से थाने न बुलाया जाए। संबंधित उपनिरीक्षक और बीट आरक्षी मौके पर जाकर सत्यापन करें। उन्होंने सत्यापन की प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा किसी भी स्थिति में 15 दिन से अधिक लंबित न रखने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी को इसकी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
NBW की प्रतिदिन थाना प्रभारी करें मॉनिटरिंग
निरीक्षण के दौरान गैर-जमानती वारंट यानी NBW की स्थिति की भी समीक्षा की गई। DIG ने निर्देश दिए कि थानों पर प्राप्त NBW की मॉनिटरिंग थाना प्रभारी स्वयं प्रतिदिन करें। उन्होंने NBW के अधिक संख्या में अदम तामील होने पर पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को पर्यवेक्षण कर अधिक से अधिक गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
यूपी-112 के इवेंट रजिस्टर को व्यवस्थित रखने के निर्देश
DIG ने सभी थानों पर यूपी-112 इवेंट रजिस्टर बनाए जाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी नियमित रूप से इस रजिस्टर की समीक्षा करेंगे। उन्होंने यूपी-112 से संबंधित इवेंट की फ्रीक्वेंसी और रूट चार्ट की भी जांच करने तथा रजिस्टर के रखरखाव को व्यवस्थित रखने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि LIU की रिपोर्ट की जानकारी संबंधित अधिकारियों को समय से होनी चाहिए। थाना प्रभारी चौकी प्रभारियों को भी आवश्यक सूचनाओं से फोन के माध्यम से अवगत कराएं।
मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा
थाना परतापुर के मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए DIG ने पोर्टल और प्रार्थना पत्र रजिस्टर की जांच की। निरीक्षण में कुछ ऐसे प्रकरण पाए गए, जिनका निस्तारण होने के बावजूद रिकॉर्ड में अपडेट दर्ज नहीं किया गया था। इस पर क्षेत्राधिकारी को मिशन शक्ति केंद्र की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
मिशन शक्ति केंद्र पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों से संबंधित आवेदिकाओं से फोन पर संपर्क कर निस्तारण के संबंध में फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए।
महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
DIG ने निर्देश दिए कि यूपी-112 पर प्राप्त होने वाले महिला संबंधी इवेंट को मिशन शक्ति केंद्र के रजिस्टर में दर्ज किया जाए। मिशन शक्ति केंद्र द्वारा संबंधित मामले में कार्रवाई करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए।
उन्होंने कहा कि यूपी-112 पर महिला संबंधी इवेंट प्राप्त होने पर संबंधित बीट महिला पुलिसकर्मी मौके पर जरूर जाए। महिला संबंधी शिकायतों को थाना प्रभारी प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले मिशन शक्ति केंद्र पर अटेंड कराएं।
क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी को मिशन शक्ति केंद्र तथा एंटी रोमियो अभियान के कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी और एंटी रोमियो टीम के प्रभारी अलग-अलग रखने को कहा गया।
स्कूल टाइम और शाम को एंटी रोमियो स्क्वाड की चेकिंग
DIG ने निर्देश दिए कि एंटी रोमियो प्रभारी को अतिरिक्त कार्य न दिया जाए, ताकि वह अपने दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सके। एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा स्कूल टाइम और शाम के समय नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। महिला पुलिसकर्मियों को भी अपनी-अपनी बीट में नियमित रूप से भ्रमण करने को कहा गया।
महिला संबंधी मामलों में काउंसलिंग के लिए तीन अलग-अलग तिथियां निर्धारित कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। यदि काउंसलिंग के दौरान मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी किसी मामले में FIR दर्ज करने की संस्तुति करता है तो थाना प्रभारी द्वारा तत्काल FIR दर्ज करने को कहा गया।
शस्त्रों की साफ-सफाई और हैंडलिंग पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान DIG ने शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जनपदीय आर्मोरर द्वारा रजिस्टर तैयार कर सभी थानों के शस्त्रों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित कराने को कहा गया।
थानों पर नियुक्त सभी पुलिसकर्मियों को आर्मोरर द्वारा शस्त्रों के संबंध में आवश्यक जानकारी देने तथा सुरक्षित हैंडलिंग का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। शस्त्रों के संबंध में अच्छी जानकारी रखने वाले उपनिरीक्षक विपिन मिश्रा को इस जानकारी के लिए पुरस्कृत भी किया गया।
चुनाव से पहले शस्त्र रजिस्टर का मिलान कराने के निर्देश
DIG ने निर्देश दिए कि चुनाव से पूर्व थानों के शस्त्र रजिस्टर का जिलाधिकारी कार्यालय के रिकॉर्ड से मिलान करा लिया जाए। उन्होंने शस्त्रों की साफ-सफाई, रखरखाव और संबंधित अभिलेखों को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।
जर्जर थाना भवनों की पत्रावली तैयार कर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान थानों के पुराने और जर्जर भवनों को लेकर भी निर्देश दिए गए। DIG ने कहा कि ऐसे भवनों की पत्रावली तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी स्तर से कार्यालय एवं भवनों की स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया।
इसके साथ ही थानों में पड़े अनावश्यक और टूटे-फूटे सामान तथा जीपी स्टोर में रखे खराब उपकरणों को नियमानुसार पुलिस लाइन भेजने, मरम्मत कराने अथवा नियमों के अनुसार नीलामी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मालखाने के रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन और माल निस्तारण में तेजी
DIG ने मालखाने के निरीक्षण के दौरान माल के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि माल के QR कोड के साथ-साथ संबंधित रजिस्टर का डिजिटलाइजेशन किया जाए और माल निस्तारण की कार्रवाई में तेजी लाई जाए।
माल मुकदमाती और अन्य माल को नियमानुसार निस्तारित करने तथा पुराने रिकॉर्ड को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीडआउट कराने के निर्देश भी दिए गए।
छह माह से अधिक लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता
विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए गए कि थाने पर मौजूद उपनिरीक्षकों को लंबित विवेचनाओं का समान रूप से आवंटन सुनिश्चित किया जाए। छह माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाए।
इसके अलावा सजा कराने के लिए उपयुक्त मामलों को चिन्हित कर प्रभावी पैरवी और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और जमीन संबंधी विवादों के समाधान पर जोर
DIG ने थाना क्षेत्र में रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों की समय-समय पर निगरानी कराने तथा सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों की सूची तैयार कर उनके क्रियाकलापों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
जमीन संबंधी विवादों को चिन्हित कर समाधान दिवस के माध्यम से उनके निस्तारण पर भी जोर दिया गया। थाने को आगंतुकों के लिए सुविधाजनक बनाने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। सप्ताह में एक बार विशेष रूप से सफाई कराकर थाना परिसर को व्यवस्थित रखने को कहा गया।
पुलिसकर्मियों के अनुशासन और कल्याण पर भी जोर
DIG ने पुलिसकर्मियों के अनुशासन और कल्याण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सभी थानों पर अनुशासन रजिस्टर रखने और उसमें संबंधित मामलों के निस्तारण की जानकारी अंकित करने को कहा गया।
रात्रि गणना के दौरान थाना पर नियुक्त अधिकारी और कर्मचारियों को DG परिपत्र तथा ADG, DIG और SSP द्वारा जारी आदेशों को पढ़कर सुनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी सरकारी वाहनों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण
वार्षिक निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति, पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोंसले, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार, क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी सहित अन्य जनपदीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान DIG ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।