बसपा के पूर्व नेता देवव्रत त्यागी के रालोद में शामिल होने पर बधाई देते जयंत चौधरी
मेरठ। बहुजन समाज पार्टी से मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी देवव्रत त्यागी ने राष्ट्रीय लोकदल (RLD) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के समक्ष पार्टी की सदस्यता ली।
ओमदत्त त्यागी ने भी ग्रहण की RLD की सदस्यता
देवव्रत त्यागी के साथ आम आदमी पार्टी के टिकट पर मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके ओमदत्त त्यागी ने भी राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम लिया। दोनों नेताओं के पार्टी में शामिल होने को मेरठ क्षेत्र में RLD के संगठनात्मक विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
संगठन को मजबूत करने की कही बात
राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने के अवसर पर देवव्रत त्यागी और ओमदत्त त्यागी ने पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व में विश्वास जताया। दोनों नेताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करने की बात कही।
RLD नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
दोनों नेताओं के पार्टी में शामिल होने पर राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि दोनों नेताओं के राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव और सक्रियता से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने में सहयोग प्राप्त होगा।
इन पदाधिकारियों ने दी बधाई
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, आतिर रिजवी, सोहराब ग्यास, विनय प्रधान और संगीता दोहरे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने देवव्रत त्यागी और ओमदत्त त्यागी को पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी।