कंप्यूटर साइंस में उभरते अवसरों पर विशेष व्याख्यान
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) स्थित सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SCRIET) के कंप्यूटर साइंस विभाग में विद्यार्थियों को प्लेसमेंट के लिए तैयार करने और कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में उभरते करियर अवसरों की जानकारी देने के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “प्लेसमेंट प्रिपरेशंस एंड इमर्जिंग अपॉर्चुनिटीज इन कंप्यूटर साइंस” रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे संस्थान की कंप्यूटर साइंस लैब संख्या-1 में हुआ।
प्रो. राहुल ऋषि ने विद्यार्थियों को किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. राहुल ऋषि उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को कंप्यूटर साइंस और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से बदलते रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपने तकनीकी और व्यावहारिक कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्लेसमेंट प्रक्रिया, इंटरव्यू की तैयारी, तकनीकी ज्ञान, समस्या समाधान की क्षमता तथा अपने कौशल को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में उभर रहे नए अवसरों और बदलते तकनीकी परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
कौशल विकास और तकनीकी दक्षता पर जोर
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के संरक्षण एवं प्रेरणा से किया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल तथा डीन (इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी) प्रो. आर. के. सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर कौशल विकास के लिए प्रेरित करते हुए तकनीकी दक्षता को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखना और अपने विषय से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण है। प्लेसमेंट के दौरान कंपनियां विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ उनकी समस्या समाधान क्षमता, संचार कौशल और सीखने की क्षमता को भी महत्व देती हैं।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम के सफल आयोजन और समन्वयन में कंप्यूटर साइंस विभाग के समन्वयक डॉ. अमित शर्मा तथा संयोजक डॉ. कवि भूषण और डॉ. गौरव त्यागी की प्रमुख भूमिका रही। इसके अलावा लैब सहायक हरि गोपाल और सोहन पाल ने भी कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं अनन्या त्यागी, कृष्ण कुमार, अवि राय और अमरीश की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही। विशेष सत्र के दौरान कंप्यूटर साइंस विभाग के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ से तकनीकी क्षेत्र में करियर, प्लेसमेंट की तैयारी और कंप्यूटर साइंस में उपलब्ध नए अवसरों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।