पुलिस गिरफ्त में यूको बैंक की शाखा का एटीएम
रात दो बजे अलर्ट मिलते ही मौके पर पहुंचीं यूको बैंक की शाखा प्रमुख सारिका चौधरी, शटर बंद कर बदमाशों को एटीएम कियोस्क में किया बंद
अजमेर। अजमेर जोन के यूको बैंक की मूंडवा मारवाड़ शाखा के एटीएम में 27 और 28 सितंबर की दरमियानी रात करीब दो बजे लूट की कोशिश का मामला सामने आया। बैंक की शाखा प्रमुख सारिका चौधरी की सतर्कता, साहस और सूझबूझ के चलते एटीएम में रखी नकदी सुरक्षित रही और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो नकाबपोश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार घटना उस रात की है, जब तीन दिवसीय प्रस्तावित बैंक हड़ताल को स्थगित किया जा चुका था। रात करीब दो बजे बैंक के प्रधान कार्यालय स्थित ई-सर्विलांस सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम (CMS) से एटीएम में संदिग्ध गतिविधि का अलर्ट मिला। अलर्ट मिलते ही शाखा प्रमुख सारिका चौधरी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एटीएम कियोस्क की ओर रुख किया।

दो नकाबपोश युवक एटीएम के अंदर मिले
सारिका चौधरी जब करीब दो बजे एटीएम कियोस्क पर पहुंचीं तो वहां दो नकाबपोश युवक अंदर मौजूद थे और एटीएम का शटर आधा बंद था। उन्होंने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए शटर पूरी तरह नीचे कर दिया और पुलिस को घटना की सूचना दी। शटर बंद होने के कारण दोनों संदिग्ध एटीएम कियोस्क के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम करीब पांच मिनट में मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को कियोस्क से गिरफ्तार कर लिया।

एटीएम में सुरक्षित मिली नकदी
पुलिस की कार्रवाई के बाद एटीएम की जांच की गई। बैंक के अनुसार एटीएम में रखी नकदी सुरक्षित थी। घटना के संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।
शाखा प्रमुख की सूझबूझ की बैंक में सराहना
घटना के दौरान शाखा प्रमुख सारिका चौधरी द्वारा रात के समय तत्काल मौके पर पहुंचकर जिस तरह स्थिति को संभाला, उसकी बैंक स्तर पर सराहना की जा रही है। बैंक की ओर से उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता की प्रशंसा की गई। घटना ने यह भी दिखाया कि एटीएम में लगे ई-सर्विलांस सिस्टम से मिले समय पर अलर्ट और मौके पर तत्काल कार्रवाई के चलते संभावित वारदात को टाला जा सका। बैंक की ओर से शाखा प्रमुख सारिका चौधरी के साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को सलाम किया गया।