जिमखाना मैदान में रामलीला मंचन होने की जानकारी देते श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के पदाधिकारी
मेरठ। श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा (पंजी.) मेरठ शहर के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी (पंजी.) मेरठ शहर की ओर से रामलीला मंचन-2026 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शनिवार 3 अक्टूबर को राधा गोविंद मंडप में आयोजित पत्रकार वार्ता में कमेटी के पदाधिकारियों ने इस वर्ष होने वाले रामलीला मंचन, श्रीराम बरात, दशहरा पर्व और रावण दहन सहित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
9 से 19 अक्टूबर तक जीमखाना मैदान में रामलीला
कमेटी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता (राधा गोविंद मंडप) ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन 9 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से जीमखाना मैदान, बुढ़ाना गेट में किया जाएगा। रामलीला के संयोजक राजन सिंघल रहेंगे।
रामलीला का मंचन दिल्ली की प्रसिद्ध मंडली रत्नाकर ड्रामेटिक आर्ट प्रोडक्शन, रोहिणी द्वारा किया जाएगा। इसके निर्देशक राकेश रत्नाकर और सह-निर्देशक राहुल गुप्ता हैं। आयोजकों के अनुसार, इस बार मंचन को आधुनिक तकनीक और भव्य दृश्य प्रभावों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
लाइट और साउंड इफेक्ट से खास होगा रामलीला मंचन
आयोजकों ने बताया कि इस बार रामलीला में लाइट और साउंड की विशेष व्यवस्था की जा रही है। मुंबई से तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाया जा रहा है, जो मंच, रंगीन रोशनी और साउंड इफेक्ट की व्यवस्था संभालेंगे।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और लंकापति रावण के मंच पर प्रवेश को विशेष लाइट इफेक्ट के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। श्रीराम विवाह के दौरान लेजर रिंग का प्रयोग किया जाएगा। इसके अलावा रामलीला के विभिन्न दिनों में 15 से 20 मिनट का लेजर शो भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस लेजर शो का प्रयोजन एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज द्वारा किया जा रहा है।
4 अक्टूबर को होगा भूमि पूजन, 8 को निकलेगी शिव बारात
बुढ़ाना गेट स्थित जीमखाना मैदान में 4 अक्टूबर को शाम 4 बजे भूमि पूजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, पूजनकर्ता कुलदीप शर्मा, तिलककर्ता उमाशंकर पाल और आरती प्रदीप गुप्ता करेंगे।
महादेव की बारात के मुख्य संयोजक अनिल गोल्डी और दीपक शर्मा ने बताया कि 8 अक्टूबर को शिव बारात निकाली जाएगी। इसके बाद 9 अक्टूबर से रामलीला मंचन का शुभारंभ होगा।
12 अक्टूबर को निकलेगी श्रीराम बरात
आयोजकों के मुताबिक, 12 अक्टूबर को श्रीराम बरात निकाली जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संयोजक दीपक राजपूत और लोकेश लोधी संभालेंगे। श्रीराम बरात को लेकर भी आयोजन समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
20 अक्टूबर को दिल्ली रोड पर होगा भव्य दशहरा और रावण दहन
दशहरा पर्व का मुख्य आयोजन 20 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान, मेरठ में किया जाएगा। यहां संपूर्ण लीला के साथ रावण दहन मुख्य आकर्षण रहेगा।
दशहरा आयोजन के मुख्य संयोजक नीरज सैनी (यूनिवर्स माइक्रोसिस्टम) होंगे, जबकि स्वागत अध्यक्ष की जिम्मेदारी निशांत शर्मा संभालेंगे। आयोजकों के अनुसार, दशहरा पर्व को भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
12 वर्ष तक के बच्चों के लिए होगी संस्कारशाला
रामलीला में इस बार बच्चों के लिए विशेष आकर्षण के तौर पर संस्कारशाला बनाई जाएगी। संरक्षक आलोक गुप्ता ने बताया कि 12 वर्ष तक के बच्चों को राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण सहित विभिन्न पात्रों की वेशभूषा पहनाकर उनके फोटो लिए जाएंगे।
इसके साथ ही आयोजन स्थल पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा, जहां दर्शक और बच्चे यादगार तस्वीरें ले सकेंगे। आयोजकों का कहना है कि संस्कारशाला के माध्यम से बच्चों को रामायण के पात्रों और भारतीय संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
नई पीढ़ी को श्रीराम के आदर्शों से जोड़ना उद्देश्य
महामंत्री मनोज अग्रवाल और संयोजक राकेश शर्मा ने बताया कि रामलीला आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और सनातन संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने मेरठ की जनता से रामलीला और दशहरा आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की।
कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस बार रामलीला के मंच, लाइट, साउंड और झांकियों को विशेष रूप से आकर्षक बनाया जा रहा है। बेहतर तकनीकी व्यवस्था के लिए मुंबई से इंजीनियर और तकनीकी विशेषज्ञ बुलाए जाएंगे।
24 अक्टूबर को होगा भगवान राम का राजतिलक
आयोजकों ने बताया कि रामलीला कार्यक्रमों का समापन 24 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ होगा। इसके साथ ही शहर की इस रामलीला का औपचारिक रूप से विश्राम होगा।
पत्रकार वार्ता में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में मुख्य संयोजक राकेश गर्ग, अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महामंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल, संरक्षक आलोक गुप्ता, संयोजक राकेश शर्मा, मीडिया प्रभारी मयंक अग्रवाल सहित विपुल सिंघल, अमित कुमार गुप्ता, संजीव गुप्ता, संयम सिंघल, राकेश जैन, अनिल वर्मा, अंकुर अग्रवाल, हरि ओम, अर्पित भारद्वाज, टीसी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महिला समिति से ज्योति गंभीर, गीता प्रजापति, निर्मला लोधी, अर्चना गोयल, संतोष सैनी और हिमानी तथा युवा टोली से मनीष गुप्ता, मोहित जैन, वेदांत मांगलिक, अम्बरीश जिंदल, केशव, ऋषि गुप्ता, लव चौधरी और निखिल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।