मेरठ सहारनपुर खंड एमएलसी चुनाव का पर्चा दाखिल करने जाते भाजपा प्रत्याशी एवं समर्थक
मेरठ। मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन का दौर पूरा हो गया। विभिन्न राजनीतिक दलों और शिक्षक संगठनों के प्रत्याशियों ने आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा और स्नातक सीट से दिनेश गोयल को प्रत्याशी बनाया है। दोनों प्रत्याशियों ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया।
एसजीएम गार्डन से निकला भाजपा प्रत्याशियों का जुलूस
भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन से पहले लालकुर्ती स्थित एसजीएम गार्डन में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए। यहां पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद श्रीचंद शर्मा और दिनेश गोयल अपने समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में आयुक्त कार्यालय पहुंचे।
आयुक्त कार्यालय पहुंचकर दोनों प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

भाजपा के कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्वनी त्यागी, सुनील भराला, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, मकेश सिंघल, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का और मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
सपा के दोनों प्रत्याशियों ने भी दाखिल किया नामांकन
सोमवार को समाजवादी पार्टी के दोनों प्रत्याशियों ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। सपा ने मेरठ-सहारनपुर खंड की स्नातक सीट से प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट को प्रत्याशी बनाया है, जबकि शिक्षक सीट से डॉ. नितिन तोमर चुनाव मैदान में हैं।

पार्टी की ओर से स्नातक सीट पर प्रमेंद्र सिंह भाटी को प्रत्याशी बनाकर सामाजिक समीकरणों को साधने का प्रयास किया गया है, जबकि शिक्षक सीट पर डॉ. नितिन तोमर को मैदान में उतारा गया है। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नामांकन के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रत्याशियों ने भी भरा पर्चा
विधान परिषद चुनाव में माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रत्याशियों ने भी सोमवार को नामांकन दाखिल किया। शिक्षक सीट से सुशील चौधरी और स्नातक सीट से डॉ. राहुल कुशवाहा ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
दोनों प्रत्याशियों के नामांकन जुलूस में शिक्षक संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। जुलूस के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और समर्थकों ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में उपस्थिति दर्ज कराई।
शिक्षक संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
नामांकन जुलूस के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र, राजेश त्यागी खंदरावली, रोशन लाल यादव, मुकेश त्यागी, डॉ. सुखनंदन त्यागी, निर्दोष त्यागी, करतार सिंह, हेम सिंह, कपिल कुराली, राकेश शर्मा, पंकज शर्मा, धीरज त्यागी, सुनील तोमर, डीएन यादव, अरविंद चौहान और अरुण मलिक सहित शिक्षक संगठन से जुड़े अनेक पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।
दोनों सीटों पर मुकाबले को लेकर संगठन ने जताया दावा
माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के महानगर उपाध्यक्ष राजेश त्यागी खंदरावली ने कहा कि शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों पर उनके संगठन के प्रत्याशियों का भाजपा प्रत्याशियों से सीधा मुकाबला है। उन्होंने दावा किया कि संगठन दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को कड़ी चुनौती देगा और जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेगा।

नामांकन के साथ चुनावी गतिविधियां हुई तेज
मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए विभिन्न दलों एवं संगठनों के प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल और शिक्षक संगठन अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं के बीच संपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी में जुट गए हैं।
अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का ध्यान चुनाव प्रचार तथा मतदाताओं से संपर्क पर रहेगा। दोनों सीटों पर विभिन्न राजनीतिक दलों और शिक्षक संगठनों के प्रत्याशियों की मौजूदगी के चलते चुनावी मुकाबला बहुकोणीय होने की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।