मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए जिले में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 अक्टूबर 2026, शनिवार और 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य उन पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की सुविधा देना है, जिनका नाम अब तक सूची में शामिल नहीं हुआ है या किसी कारणवश हट गया है।
हर मतदान केंद्र पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष कैंप के दोनों दिनों में प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और आवेदन प्राप्त करें। उन्होंने बीएलओ को प्रशिक्षित करने तथा अभियान के सफल संचालन के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्य करने को कहा।
डॉ. सिंह ने राजनीतिक दलों से भी अभियान में सहयोग करने और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य प्रत्येक अर्ह नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराना है।
नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 और दस्तावेज जरूरी
विशेष कैंप में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को फार्म-6 भरकर जमा करना होगा। इसके साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और निवास पते से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां लानी होंगी। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र क्रमांक उपलब्ध है, तो उसे भी साथ रखने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से कहा कि वे कैंप में पहुंचकर अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो फार्म-6 भरकर उसे जुड़वाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। नाम जुड़वाने के लिए नागरिक अन्य समय पर भी पंजीकरण आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नुपूर गोयल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय वर्धन तोमर, विभिन्न उपजिलाधिकारी और मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। राजनीतिक दलों की ओर से आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, अपना दल के जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता और भाजपा, समाजवादी पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस तथा अपना दल के प्रतिनिधि शामिल हुए।