मुरादाबाद जिला चिकित्सालय में मरीजों से वार्ता करते उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक
मुरादाबाद, 17 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को मुरादाबाद स्थित जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी और सामान्य वार्ड, दवा वितरण कक्ष सहित अस्पताल परिसर का भ्रमण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मरीजों की देखभाल और उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य में हो रहे सुधार और उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। गंभीर मरीजों के तीमारदारों से भी संवाद कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घायल की पहचान और परिजनों का पता लगाने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति का हाल भी जाना और डॉक्टरों से उसकी स्थिति के बारे में पूछा। चिकित्सा अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि घायल की हालत में सुधार है, लेकिन अब तक उसके निवास स्थान और परिजनों की जानकारी नहीं मिल सकी है।
इस पर ब्रजेश पाठक ने पुलिस अधीक्षक नगर रणविजय सिंह को घटनास्थल के आधार पर घायल की पहचान कराने और उसके परिजनों का पता लगाकर उन्हें जल्द सूचित करने के निर्देश दिए।
अस्पताल को पूरी क्षमता से चलाने पर जोर
अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उप मुख्यमंत्री ने प्रतिदिन की ओपीडी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य संसाधनों का अधिकतम लाभ मरीजों तक पहुंचाया जाए। चिकित्सालय को पूरी क्षमता से संचालित करने और जरूरी सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक चिकित्सक निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारी से मरीजों का उपचार करे। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुविधा और उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारी लगातार निगरानी रखें।
सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने संस्थागत प्रसव के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने प्रत्येक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने और प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से जिला चिकित्सालय रेफर किए जाने वाले गंभीर मामलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा मरीजों के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से पेश आने को कहा।
निरीक्षण के दौरान शहर विधायक रितेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडुला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुलदीप सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्रिंस वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।