पोलिंग पार्टी के रवाना होने के दौरान कैंप क्षेत्र में मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी
मेरठ। मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक विधान परिषद सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। दोनों सीटों पर कुल 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 10 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 8 उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पोलिंग पार्टियां निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के साथ एडीएम और एसपी स्तर के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट मतदान व्यवस्था पर नजर रखेंगे। सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जाएगी।

स्नातक सीट पर 1,28,595 मतदाता
मेरठ-सहारनपुर खंड के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेन्द्र सिंह प्रत्याशी हैं। इनके अलावा अमित कुमार जैन, दुष्यंत, मोहम्मद अकरम रजा, राहुल कश्यप, विक्रांत त्यागी और विजय कुमार त्यागी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
इस सीट पर कुल 1,28,595 मतदाता हैं। उनके मतदान के लिए 127 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

शिक्षक सीट पर 64,525 मतदाता
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के श्रीचंद शर्मा और सपा के नितिन कुमार तोमर मैदान में हैं। इनके अलावा कुलदीप मलिक, तनुज गंभीर, पंकज कुमार, बाकिर हुसैन, स्वराज पाल, सुशील, डॉ. सुशील कुमार पुंडीर और हरकेश सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
इस सीट पर 64,525 मतदाता हैं और मतदान के लिए 121 केंद्र बनाए गए हैं।

मेरठ जिले में बनाए गए 107 बूथ
मेरठ जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 6,500 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 15,600 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में कुल 107 बूथ बनाए गए हैं। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा और मतदान से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
बैलेट बॉक्स विश्वविद्यालय परिसर के स्ट्रांग रूम में होंगे जमा
मतदान के बाद बैलेट बॉक्स सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराए जाएंगे। जिलाधिकारी के अनुसार, मेरठ के साथ अन्य संबंधित जिलों के बैलेट बॉक्स भी यहीं रखे जाएंगे। स्ट्रांग रूम और बैलेट बॉक्स की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।