50 हजार रुपये का इनामी वांछित आरोपी खालिद गिरफ्तार
परतापुर पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई
मेरठ में थाना परतापुर पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना लोहियानगर के दो मामलों में वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी खालिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली से मेरठ की ओर आ रहा था। उसे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर काशी टोल के पास से पकड़ा गया।
सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को थाना परतापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि लोहियानगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 598/2026 और 580/2026 में वांछित खालिद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से मेरठ आने वाला है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी परतापुर अजय शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस और स्वाट टीम ने एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी की। काशी टोल के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो मुकदमों में था वांछित
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान खालिद पुत्र मेहरबान मलिक के रूप में की है। वह आरिफ कबाड़ी वाला के पास, वेस्ट विनोद नगर, शकरपुर, ईस्ट दिल्ली का निवासी बताया गया है। वह थाना लोहियानगर में दर्ज मुकदमा संख्या 598/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(2), 61(2) और 317(3), जबकि मुकदमा संख्या 580/2026 में धारा 310(2) और 61(2) के तहत वांछित था।
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाने में विद्युत अधिनियम की धारा 136/137 के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे संबंधित मामलों में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
संयुक्त टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में थाना प्रभारी परतापुर अजय शुक्ला, स्वाट टीम नगर के प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, थाना लोहियानगर के उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा परतापुर थाने के उपनिरीक्षक अजय प्रकाश, आलोक कुमार सरोज, गिरीश यादव और फहद जफर शामिल रहे। टीम में कांस्टेबल लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल ब्रह्मजीत सिंह, कांस्टेबल हरकेश गुर्जर और रिजर्व कांस्टेबल नवीन भी शामिल थे।