रोटरी क्लब मेरठ कैंट ने दीपावली उत्सव के रूप में मनाई मासिक पारिवारिक सभा
डांडिया, मनोरंजक खेलों और बंपर तंबोला ने बांधा समां; सदस्यों और बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
मेरठ । #ANN रोटरी क्लब मेरठ कैंट की मासिक पारिवारिक सभा 3rd माइलस्टोन, रुड़की रोड पर दीपावली उत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ आयोजित की गई। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों और उनके परिवारों ने भाग लिया। दीपावली की शुभकामनाओं, रंगारंग प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों से शाम उत्सवमय बनी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के पूर्व अध्यक्ष विपिन सोढ़ी और उनकी पत्नी सविता सोढ़ी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। क्लब अध्यक्ष डॉ. गौरव दत्ता और सचिव विकास मित्तल ने मुख्य अतिथि निर्मल रामदास का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद गणेश वंदना के साथ समारोह का विधिवत आरंभ हुआ। उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
उत्सव के दौरान क्लब के सदस्यों और बच्चों ने डांडिया, मनोरंजक खेलों और बंपर तंबोला का आनंद लिया। कार्यक्रम का आयोजन और संचालन सभा की संयोजिकाओं एन रेणु कुकरेजा, एन मनीषा अग्रवाल और ऐन नीरजा नारंग ने किया। समारोह में तीन बंपर लकी ड्रॉ भी निकाले गए।
दीपावली के अवसर पर महिलाओं ने इंडियन एथनिक थीम के अनुरूप आकर्षक और रंग-बिरंगे परिधान पहने, जबकि पुरुष सदस्य फॉर्मल सूट में नजर आए। पारिवारिक माहौल में आयोजित सभा में सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने शाम के नाश्ते और रात्रि भोज का आनंद लिया।
क्लब अध्यक्ष डॉ. गौरव दत्ता और सचिव रो. विकास मित्तल ने उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्लब के सदस्यों को दीपावली के उपहार भी भेंट किए।
कार्यक्रम में एडवोकेट विपिन सोढ़ी, बी.बी. गुप्ता, एडवोकेट सपन सोढ़ी, डॉ. गौरव दत्ता, नीरज नारंग, सुनील अरोड़ा, राजेश मित्तल, विजय नंदा, देवेंद्र सेठी, सनी कुकरेजा, अरुण चोपड़ा, रामबाबू, सुनील पाली, राजीव वाधवा, संजीव सरीन और डॉ. संजय गांधी सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।