हंसराज कॉलेज के युवराज चौधरी ने शूटिंग में हासिल की तीसरी रैंक
मेरठ #ANN रोहटा ब्लॉक के चिंदौड़ी गांव के युवा निशानेबाज युवराज चौधरी ने दिल्ली विश्वविद्यालय की शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मेरठ का नाम रोशन किया है। हंसराज कॉलेज में पढ़ाई कर रहे युवराज ने 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में 600 में से 531 अंक हासिल किए और प्रतियोगिता में तीसरी रैंक प्राप्त की। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी शूटिंग इवेंट के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।
इस प्रतियोगिता में दिल्ली विश्वविद्यालय के 90 कॉलेजों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच युवराज ने अपनी निशानेबाजी और एकाग्रता का परिचय देते हुए शीर्ष खिलाड़ियों में जगह बनाई। उनके प्रदर्शन से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
युवराज पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। पिछले वर्ष नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 50 मीटर इंडिविजुअल स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया था। इसके साथ ही टीम इवेंट में भी उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता। 18 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर युवराज ने निशानेबाजी में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

हाल ही में दिल्ली स्थित मानव रचना यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रतियोगिता में भी युवराज ने 600 में से 531 अंक अर्जित किए। लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ वह शूटिंग में आगे बढ़ रहे हैं और अब ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी करेंगे।
युवराज के पिता पेशे से वकील हैं और मेरठ कचहरी में वकालत करते हैं। उन्होंने बताया कि युवराज को बचपन से ही शूटिंग का शौक था। इसी रुचि को आगे बढ़ाते हुए उसने लगातार अभ्यास किया। पिता के अनुसार, युवराज ने घर पर मेहनत और नियमित अभ्यास के जरिए इस खेल में दक्षता हासिल की और आज राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने में सफल हुआ है।
मेरठ पहुंचने पर नेशनल शूटर युवराज चौधरी का जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल और रोहटा ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। युवराज की उपलब्धि से चिंदौड़ी गांव और मेरठ जिले में गौरव का माहौल है।