किनौनी चीनी मिल के प्राइस सत्र का शुभारंभ करते कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण
मेरठ #ANN किनौनी चीनी मिल में 5 नवंबर 2026 को नए पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने डोंगा चैन में गन्ना डालकर पेराई सत्र 2026-27 की शुरुआत की। समारोह में क्षेत्र के किसानों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और मिल प्रबंधन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। पेराई शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में चीनी उद्योग की गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली।

किसानों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों में गन्ना किसानों के हित प्राथमिकता पर हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, गन्ने की खरीद सुचारु रूप से हो और चीनी मिलों का संचालन निर्बाध बना रहे। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मंत्री ने किसानों को गन्ना मूल्य के समयबद्ध भुगतान और व्यवस्थित खरीद व्यवस्था का भरोसा भी दिया।

उप गन्ना आयुक्त, मेरठ परिक्षेत्र यशपाल सिंह ने कहा कि पेराई सत्र के दौरान विभागीय स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी। गन्ना आपूर्ति, खरीद केंद्रों के संचालन और किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग तथा मिल प्रबंधन के बीच समन्वय बनाए रखा जाएगा। उन्होंने किसानों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने किसानों से निर्धारित पर्ची और कैलेंडर के अनुसार ही गन्ने की आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तय कार्यक्रम के अनुसार गन्ना पहुंचाने से खरीद व्यवस्था व्यवस्थित रहेगी और किसानों को अनावश्यक असुविधा से बचाया जा सकेगा। उन्होंने स्वच्छ और ताजा गन्ना मिल को भेजने का भी आग्रह किया।

समारोह में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, मालियाना, किनौनी चीनी मिल के यूनिट हेड के.पी. सिंह और पूर्व एमएलसी जगत सिंह सहित विभागीय अधिकारी, मिल प्रबंधन के प्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। पेराई सत्र के आगाज के अवसर पर किसानों में उत्साह दिखाई दिया। मिल प्रबंधन और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों ने नए सत्र से सुचारु खरीद और भुगतान व्यवस्था की उम्मीद जताई।