मॉडिफाइड बुलेट की जांच करते यातायात पुलिस अधिकारी
मेरठ। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से शनिवार को यातायात पुलिस मेरठ ने बेगम पुल से हापुड़ अड्डा तक विशेष चेकिंग एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, वहीं सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में जाम की समस्या को कम करना, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना था।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली दो बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा ओवरलोडिंग एवं बिना परमिट संचालित की जा रही दो बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें भी सीज किया गया। वाहनों में अवैध एवं मॉडिफाइड परिवर्तन पाए जाने पर दो अन्य वाहनों के चालान किए गए।
यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 12 चालकों के चालान काटे गए और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बेगम पुल से हापुड़ अड्डा मार्ग पर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया गया। इस दौरान 20 दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए धारा 168 बीएनएसएस के अंतर्गत विधिक नोटिस भी तामील कराए गए।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से यातायात बाधित होता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की है।
अभियान के दौरान की गई प्रमुख कार्रवाई:
मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 02 बुलेट मोटरसाइकिल सीज।
ओवरलोडिंग एवं बिना परमिट संचालित 02 बसें सीज।
मॉडिफाइड/अवैध परिवर्तन पाए जाने पर 02 वाहनों के चालान।
बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 12 चालान।
20 दुकानों के अतिक्रमण हटवाए गए।
संबंधित दुकानदारों को धारा 168 बीएनएसएस के तहत विधिक नोटिस जारी किए गए।
यातायात पुलिस का संदेश:
“सुरक्षित यातायात और सुगम आवागमन के लिए नियमों का पालन करें, अतिक्रमण न करें और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।”