डीआईजी कलानिधि नैथानी
डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, ऑपरेशन शस्त्र और ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मिली सफलता
मेरठ, 27 नवंबर 2026। ANN
मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों के तहत मेरठ, हापुड़, बागपत और बुलंदशहर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने फायरिंग, जानलेवा हमले एवं चोरी समेत विभिन्न मामलों में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी से तीन दोषियों को न्यायालय से कारावास एवं अर्थदंड की सजा दिलाई गई है।
जनपद मेरठ की थाना लिसाड़ीगेट पुलिस ने फायरिंग की घटना में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ऑपरेशन शस्त्र के अंतर्गत अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा एवं खोखा कारतूस बरामद किया है।
मेरठ की थाना भावनपुर पुलिस ने जानलेवा हमले एवं फायरिंग की घटना में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
जनपद मेरठ की थाना फलावदा पुलिस ने होटल में रोटी बनाते समय रोटी पर थूकने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
मेरठ की थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का गैस सिलेंडर एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
जनपद हापुड़ की थाना पिलखुवा पुलिस ने मोहल्ला शिवाजी नगर स्थित मकान में हुई चोरी की घटना में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए पीली एवं सफेद धातु के आभूषण बरामद किए गए हैं।
जनपद बागपत की थाना बिनौली पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की एक नाक की लौंग तथा कपड़ों से भरा एक बक्सा बरामद किया है।
ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के अंतर्गत बुलंदशहर पुलिस की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप हत्या के प्रयास के मामले में दो दोषियों को न्यायालय ने सात-सात वर्ष के कारावास एवं प्रत्येक को 54-54 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।
इसी अभियान के तहत बागपत पुलिस एवं अभियोजन विभाग की प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप अपहरण एवं छेड़छाड़ के मामले में दोषी प्रदीप गौतम को न्यायालय ने तीन वर्ष के कठोर कारावास एवं 10 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी के माध्यम से अपराधियों को सजा दिलाने के लिए विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत परिक्षेत्र पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।