सहारनपुर खादी महोत्सव में गूंजा स्वदेशी अपनाने का सशक्त संदेश
ग्रामीण उत्पादों की जमकर हुई खरीदारी, विशेषज्ञों ने किया जागरूक, कारीगरों और महिलाओं के लिए स्वरोजगार का मंच बना महोत्सव
सहारनपुर। ANN
कंपनी बाग में आयोजित सहारनपुर खादी महोत्सव में स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीण कारीगरों के हाथों से निर्मित उत्पाद शहरी जनता के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महोत्सव में विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने लोगों से हानिकारक रसायनों एवं मिलावटी उत्पादों से बचने तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
महोत्सव में खादी वस्त्र, शहद, हस्तनिर्मित अचार, पश्मीना शॉल सहित विभिन्न ग्रामीण उत्पादों के स्टॉलों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। लोगों में प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों के प्रति बढ़ता रुझान देखने को मिल रहा है।

महोत्सव में पहुंचे विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने उपभोक्ताओं को दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और उनमें प्रयुक्त सामग्री के प्रति जागरूक किया। उन्होंने हानिकारक रसायनों एवं मिलावट से बचने और गुणवत्तापूर्ण स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
योगी सरकार की स्वदेशी एवं आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को बढ़ावा देने वाला यह महोत्सव ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और कारीगरों के लिए स्वरोजगार का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
महोत्सव में नकुड़ के खादी वस्त्र, मेरठ का शहद, भदोही की कालीन, फतेहपुर कलां के लकड़ी से निर्मित हस्तशिल्प, कन्नौज का इत्र एवं मुरब्बा, जम्मू-कश्मीर के पश्मीना शॉल, वाराणसी की साड़ियां और सहारनपुर का अचार विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
स्कूली बच्चे भी बने स्वदेशी अभियान के सिपाही
खादी महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रदर्शनी का भ्रमण कराकर खादी, ग्रामोद्योग एवं स्वदेशी उत्पादों के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। विद्यार्थियों ने भी ‘स्वदेशी अपनाएंगे, देश बचाएंगे’ का संदेश देते हुए अभियान के प्रति उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम संचालक माधवी सिंह ने बताया कि बेहट रोड स्थित कंपनी बाग में शनिवार, 28 नवंबर को मैजिक शो का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। महोत्सव के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार को मजबूती प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।