मुरादाबाद खादी महोत्सव में फैशन शो, छह लाख की बिक्री
पारंपरिक खादी और आधुनिक परिधानों ने मोहा मन, 130 स्टालों पर विभिन्न राज्यों के स्वदेशी उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
मुरादाबाद। ANN
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने और कारीगरों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की पहल के तहत मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के तत्वावधान में सांई मंदिर रोड, दीनदयाल नगर स्थित युवा केंद्र में आयोजित महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को भव्य खादी फैशन शो का आयोजन हुआ। महोत्सव में खरीदारों के उत्साह के चलते दूसरे दिन भी लगभग छह लाख रुपये की बिक्री दर्ज की गई।
खादी फैशन शो में पारंपरिक खादी और आधुनिक परिधानों का आकर्षक संगम देखने को मिला। रैंप पर प्रस्तुत किए गए विभिन्न परिधानों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। सुबह से ही प्रदर्शनी परिसर में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी थी। दिनभर खादी एवं ग्रामोद्योगी उत्पादों की खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह बना रहा।
कार्यक्रम में नगर विधायक रितेश गुप्ता की पत्नी कल्पना रितेश गुप्ता मुख्य अतिथि तथा मुरादाबाद मंडल के उपायुक्त योगेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से आई खादी एवं ग्रामोद्योगी इकाइयों के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने कारीगरों की शिल्पकला और स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रदर्शनी में उत्तराखंड के ऊनी रेडीमेड वस्त्र, जम्मू-कश्मीर के ऊनी शॉल, सूट एवं ड्राई फ्रूट्स, राजस्थान की नमकीन, पंजाब की पंजाबी जूतियां और बिहार के भागलपुर की प्रसिद्ध खादी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इसके अलावा सहारनपुर के लकड़ी के हस्तशिल्प, कन्नौज का पारंपरिक इत्र, मेरठ का अचार और भदोही के आकर्षक कालीन भी प्रदर्शनी की रौनक बढ़ा रहे हैं। सिल्क खादी, शहद, ऑर्गेनिक गुड़, शक्कर और मसालों की भी जमकर खरीदारी हो रही है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि कुल 130 स्टालों के माध्यम से मंडल स्तरीय प्रदर्शनी को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया गया है। आयोजन का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योगी इकाइयों को नई पहचान दिलाने के साथ कारीगरों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और समस्त आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी से स्थानीय एवं अन्य राज्यों के कारीगरों का मनोबल बढ़ने के साथ स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।