धनसिंह कोतवाल की शहादत को नमन, पाठ्यक्रमों में शामिल करने की मांग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करेंगे आग्रह, पूर्व राज्यसभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने दिया आश्वासन
मेरठ, 27 नवम्बर 2026। ANN। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक क्रान्तिनायक अमर शहीद धनसिंह कोतवाल के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, नूर नगर, लिसाड़ी में भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके संघर्ष, शौर्य, नेतृत्व क्षमता और बलिदान को याद करते हुए उनके ऐतिहासिक योगदान को देश के शैक्षिक पाठ्यक्रमों में शामिल करने की पुरजोर मांग उठाई।
कार्यक्रम का आयोजन 1857 के क्रान्तिनायक धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान, मेरठ द्वारा किया गया। धनसिंह कोतवाल का जन्म 27 नवम्बर को मेरठ जनपद के ऐतिहासिक गांव पांचली खुर्द में हुआ था। उनके पिता का नाम शालगराम उर्फ जोधा सिंह तथा माता का नाम मनभरी था।
शोध संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष धनसिंह कोतवाल की स्मृति में जन्मोत्सव सप्ताह आयोजित किया जाता रहा है। इस वर्ष संस्थान ने विशेष पहल करते हुए 30 अक्टूबर से 29 नवम्बर 2026 तक क्रान्तिनायक धनसिंह कोतवाल जन्मोत्सव माह का आयोजन किया है। इसके अंतर्गत विभिन्न जनपदों एवं प्रदेशों में सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में धनसिंह कोतवाल के प्रपौत्र एवं शोध संस्थान के चेयरमैन तस्वीर सिंह चपराना ने उनके जीवन, संघर्ष, अदम्य साहस और शहादत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि धनसिंह कोतवाल ने 1857 की क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।
तस्वीर सिंह चपराना ने केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि धनसिंह कोतवाल के जीवन और ऐतिहासिक योगदान को यूपी बोर्ड, सीबीएसई एवं आईसीएसई के पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाए, ताकि भावी पीढ़ियां उनके शौर्य, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित हो सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं ओडिशा प्रदेश प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर ने कहा कि क्रान्तिनायक धनसिंह कोतवाल को इतिहास में वह स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वे वास्तविक रूप से हकदार हैं। उनके योगदान, वीरता और शहादत को व्यापक पहचान मिलनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर धनसिंह कोतवाल के जीवन एवं योगदान को विभिन्न शैक्षिक पाठ्यक्रमों में शामिल कराने का आग्रह करेंगे।

गोष्ठी में वरिष्ठ भाजपा नेता चरण सिंह लिसाड़ी, पूर्व पार्षद सुरेंद्र सिंह भड़ाना, डॉ. महेंद्र सिंह धामा, शोध संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश धामा तथा राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सरबजीत सिंह कपूर सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में धनसिंह कोतवाल के ऐतिहासिक योगदान को उचित सम्मान देते हुए शैक्षिक पाठ्यक्रमों में स्थान देने की मांग की।
इस अवसर पर सरबजीत सिंह कपूर, सुरेंद्र सिंह भड़ाना, ज्ञानेंद्र सिंह लिसाड़ी, जयप्रकाश धामा, महेंद्र सिंह धामा, इंजीनियर रणवीर सिंह धामा, प्रधानाचार्या सुगम सिंह धामा, डॉ. योगेंद्र हूण, भंवर सिंह, जयप्रकाश पंवार, नरेंद्र सिंह, सरूरपुर ब्लॉक प्रमुख मनोज चौहान, इंजीनियर रणधीर सिंह धामा और चौधरी सतपाल सिंह तेवतिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार नागर ने किया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं वक्ताओं ने क्रान्तिनायक धनसिंह कोतवाल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके राष्ट्रप्रेम, साहस और बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।