मेरठ: बेटे का कातिल निकला पिता, 24 घंटे में तुषार त्यागी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
मेरठ। चर्चित तुषार त्यागी हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिस पिता पर बेटे की परवरिश और सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वही उसका कातिल निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि हिस्ट्रीशीटर सुंदर त्यागी ने अपने दोस्त अमित के साथ मिलकर 25 वर्षीय बेटे तुषार त्यागी की योजनाबद्ध तरीके से गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, गृह कलह और करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने इस रिश्ते को खून के रिश्ते से दुश्मनी में बदल दिया। आरोपी पिता सुंदर त्यागी को शक था कि उसका बेटा तुषार उसकी हत्या करवाने के लिए सुपारी दे सकता है। इसी आशंका के चलते उसने पहले ही बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पूछताछ में आरोपी पिता ने दावा किया कि तुषार अक्सर घर में मारपीट करता था और पुश्तैनी जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते उसने अपने दोस्त अमित के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि हापुड़ जनपद के दोयमी गांव निवासी तुषार त्यागी का शव सोमवार रात मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे स्थित अंडरपास के नीचे खड़ी स्कॉर्पियो कार में मिला था। उसके सिर और गर्दन में गोली मारी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
अब पुलिस के खुलासे ने इस हत्याकांड को और भी चौंकाने वाला बना दिया है, क्योंकि इस मामले में बेटा किसी दुश्मन का नहीं, बल्कि अपने ही पिता की साजिश का शिकार बना।
