सभा को संबोधित करते प्रभारी मंत्री असीम अरुण
मेरठ। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को मेरठ के विकास भवन सभागार में एक विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को विस्तार से साझा करते हुए पिछले 12 वर्षों को देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक बताया।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, आर्थिक मजबूती और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि तथा अन्य अनेक योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाया गया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों का कार्यकाल केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह देश के नवनिर्माण, आर्थिक सुदृढ़ीकरण और अंत्योदय की भावना को साकार करने का कालखंड रहा है। भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने मेरठ जनपद में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना परियोजनाओं और विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया। पुस्तिका में जनपद में हुए विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि मेरठ में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, शहरी विकास और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास की गति को और अधिक तेज करना है।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें जनहित में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों के साथ सरकार की नीतियों और योजनाओं पर चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर, लोकसभा सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विधायक सिवालखास गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संदेश के साथ हुआ।