मेरठ के काशी वन में पौधा रोपण करते राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में संचालित व्यापक वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को मेरठ में एक महत्वपूर्ण वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के प्रस्ताव पर नगर निगम मेरठ द्वारा अचरोड़ा रोड स्थित काशी उपवन (काशी पानी की टंकी के सामने) लगभग 250 पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करना भी है।
नगर निगम का एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि नगर निगम मेरठ ने इस वर्ष एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी लक्ष्य के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार वृक्षारोपण किया जा रहा है। काशी उपवन में लगाए गए 250 पौधे भी इसी अभियान का हिस्सा हैं।
नगर निगम द्वारा तैयार किए जा रहे इस विशेष वन क्षेत्र में चार अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इनका चयन वैज्ञानिक दृष्टिकोण से किया गया है ताकि भविष्य में यह क्षेत्र घने जंगल का रूप ले सके।
ऐसा विकसित होगा ‘काशी वन’
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जब ये पौधे पूर्ण विकसित हो जाएंगे तो उनकी घनी छाया के कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन तक नहीं पहुंच पाएंगी। इस प्रकार यह क्षेत्र एक प्राकृतिक वन के रूप में विकसित होगा, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा बल्कि स्थानीय तापमान में कमी, वायु प्रदूषण नियंत्रण और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मियां बाकी फॉरेस्ट’ योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत शहर में बड़े स्तर पर हरित क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।
“आज लगाया गया पौधा, आने वाली पीढ़ियों का भविष्य”
राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अभियान है। प्रत्येक नागरिक को इसमें भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने मोहल्ले, पार्क या किसी सार्वजनिक स्थान पर पौधारोपण करना चाहता है तो वह नगर निगम मेरठ अथवा सांसद कार्यालय से संपर्क कर निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकता है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, महानगर उपाध्यक्ष विवेक बाजपेयी, महानगर महामंत्री नरेंद्र उपाध्याय, पार्षद राजीव गुप्ता, कुलदीप वाल्मीकि, संदीप रेवड़ी, रामवीर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, स्कूली छात्र-छात्राएं और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सभी ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर हरित मेरठ और स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।