शिविर में रक्तदाताओं की हौसला अफजाई करते शहर विधानसभा पूर्व प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा
मेरठ। शुभम रस्तोगी मेमोरियल सोसाइटी फॉर नीडी के तत्वावधान में एवं शहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा के नेतृत्व में आयोजित 29वें विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समाज सेवा और मानवता को समर्पित इस शिविर में कुल 285 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, सुरेश जैन ऋतुराज तथा कमल दत्त शर्मा ने स्वर्गीय शुभम रस्तोगी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया।
युवाओं का उत्साह बना आकर्षण का केंद्र
रक्तदान शिविर में शहर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही रक्तदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था और पूरे दिन रक्तदान का सिलसिला जारी रहा। युवाओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों के अनुसार 285 यूनिट रक्त का संग्रहण इस बात का प्रमाण है कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है और युवा वर्ग इस सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए आगे आ रहा है।
रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म : कमल दत्त शर्मा
कार्यक्रम के संयोजक कमल दत्त शर्मा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार या दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए ताकि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के सहयोग से समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा और अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।
डॉ. पल्लवी रस्तोगी ने जताया आभार
सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. पल्लवी रस्तोगी ने शिविर में शामिल सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है और आगे भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यकर्ताओं का रहा महत्वपूर्ण योगदान
शिविर को सफल बनाने में सोसाइटी के सदस्य सुनील, प्राची, नितिन, सचिन, कुलदीप, उदित, मानिक, पारस, नमन, गुलशन, अदिति, देवयानी और शिल्पा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन की व्यवस्थाओं से लेकर रक्तदाताओं की सुविधा तक सभी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
जन्मदिन पर दी गई शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कमल दत्त शर्मा को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
रक्तदान शिविर का समापन समाज सेवा और मानव कल्याण के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का भरोसा दिलाया।