मेधावी छात्र छात्रा अभिनंदन समारोह में आईएएस, पीसीएस एवं आईआईटी के छात्र होंगे सम्मानित
मेरठ, 18 अक्टूबर 2026। वैश्य समाज मेरठ महानगर (पंजीकृत) के 33वें मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को बैठक हुई। बैठक महामंत्री प्रमोद गुप्ता के फूलबाग स्थित आवास पर आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने की और संचालन महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने किया।
बैठक की शुरुआत पदाधिकारियों और सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद समाजहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से अशोक मित्तल को समारोह का मुख्य संयोजक और गीता जिंदल को मुख्य महिला संयोजिका बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि समारोह 29 नवंबर 2026 को बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित होगा। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा IAS, PCS और IIT परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थियों को भी सम्मानित करने की योजना है।
समाज की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यूपी बोर्ड में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक और सीबीएसई तथा आईसीएसई बोर्ड में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मान के लिए पात्र होंगे। मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मार्कशीट की छायाप्रति निर्धारित स्थान या पदाधिकारी के प्रतिष्ठान अथवा आवास पर जमा कराने की अपील की गई है, ताकि सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार की जा सके।
बैठक में गीता जिंदल, उपमहामंत्री प्रवीण कुमार गुप्ता, गीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुशील राजवंशी, संजीव अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, डॉ. अमित गुप्ता, अमित अग्रवाल, पारस गुप्ता, राकेश बंसल, अमित गोयल सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।