दुकान में घुसा विशाल अजगर
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब आरजी कॉलेज के पास शिव चौक स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान में करीब 7 फीट लंबा अजगर निकल आया। अजगर को देखते ही दुकान में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी जान बचाकर बाहर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घनी आबादी वाले इलाके में अजगर निकलने की खबर से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया और उसे अपने साथ ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई जंगली जीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।