पांडव नगर में कोबरा को रेस्क्यू करता वन विभाग का कर्मचारी
मेरठ। पांडव नगर के B-ब्लॉक स्थित पार्क में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब क्षेत्रवासियों और पार्क में खेल रहे बच्चों की नजर करीब 8 फीट लंबे कोबरा नाग पर पड़ी। विशालकाय सांप को देखकर पार्क में मौजूद बच्चे डरकर इधर-उधर भागने लगे और उन्होंने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में आसपास के क्षेत्र के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
क्षेत्रवासियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की ओर से पहुंचे कर्मचारी संजय गुप्ता ने काफी सावधानी और तत्परता के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद उन्होंने करीब 8 फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
बच्चों में दिखी दहशत
पार्क में कोबरा दिखाई देने के बाद वहां खेल रहे बच्चों में दहशत का माहौल बन गया। बच्चे सांप को देखकर पार्क से बाहर निकल गए और अपने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने सांप को पकड़ने के लिए खुद प्रयास करने के बजाय वन विभाग को सूचना देना उचित समझा।
वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा कोबरा
वन विभाग के कर्मचारी संजय गुप्ता ने बताया कि रेस्क्यू किए गए कोबरा को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर अब्दुल्लापुर क्षेत्र की ओर स्थित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा, ताकि वह प्राकृतिक वातावरण में रह सके और किसी इंसान को नुकसान न पहुंचे।
संजय गुप्ता ने बताया कि वह अब तक 1000 से अधिक खतरनाक और जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, पार्क या आबादी वाले क्षेत्र में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। इसकी सूचना वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को दें।
रेस्क्यू के बाद लोगों ने ली राहत की सांस
करीब 8 फीट लंबे कोबरा के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद पांडव नगर के पी-ब्लॉक के निवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में सुबह के समय बड़ी संख्या में बच्चे खेलने के लिए आते हैं। ऐसे में समय रहते सांप की जानकारी मिलना और वन विभाग द्वारा उसका रेस्क्यू किया जाना महत्वपूर्ण रहा।
वन विभाग की टीम द्वारा कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिए जाने के बाद पार्क में मौजूद लोगों की भीड़ हट गई और स्थिति सामान्य हो गई।