आठवीं वार्षिक कांफ्रेंस का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते मुख्य अतिथि
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज, मेरठ के नेत्र रोग विभाग द्वारा रविवार को ACOIN मेरठ-2026 की आठवीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस (उत्तर प्रदेश चैप्टर) का सफल आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं परास्नातक विद्यार्थियों ने भाग लिया। सम्मेलन में नेत्र रोगों की रोकथाम, आधुनिक उपचार पद्धतियों, सामुदायिक नेत्र सेवाओं, स्वास्थ्य शिक्षा तथा पुनर्वास से जुड़े विषयों पर विस्तृत मंथन किया गया।
कॉन्फ्रेंस का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं ACOIN उत्तर प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. आर.सी. गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के आयोजन सचिव एवं नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार सिंह रहे।
देशभर के विशेषज्ञों ने साझा किया अनुभव
सम्मेलन में भारत के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए नेत्र रोग विशेषज्ञों ने अपने शोध, अनुभव और आधुनिक तकनीकों पर आधारित व्याख्यान प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर कोलकाता से डॉ. स्वप्न सामन्ता, वाराणसी से डॉ. आर.पी. मौर्य, लखनऊ से डॉ. एलाय मजूमदार, हैदराबाद से डॉ. सुरेश रमन राव, देहरादून से डॉ. यूसुफ रिजवी, नई दिल्ली से डॉ. जे.के.एस. परिहार, कटक (ओडिशा) से डॉ. तरुण कुमार पांडा, बिहार से डॉ. सुशील कुमार, सुभारती मेडिकल कॉलेज से डॉ. संजीव कुमार, केरल/हरियाणा से डॉ. विनोद तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान, लखनऊ से डॉ. आलोक रंजन सहित अनेक विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
विशेषज्ञों ने नेत्र रोग विज्ञान में हो रहे नवीन शोध, आधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों, नेत्र रोगों की शीघ्र पहचान, सामुदायिक नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा मरीजों के पुनर्वास पर विस्तार से चर्चा की।
45 शोध पत्र एवं केस प्रेजेंटेशन हुए प्रस्तुत
कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के परास्नातक छात्र-छात्राओं ने लगभग 45 केस प्रेजेंटेशन, शोध पत्र एवं वैज्ञानिक सेमिनार प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने मोतियाबिंद, रेटिना, कॉर्निया, ग्लूकोमा, बाल नेत्र रोग, ऑक्यूलोप्लास्टी सहित नेत्र रोग विज्ञान के विभिन्न विषयों पर अपने शोध और चिकित्सकीय अनुभव साझा किए। विशेषज्ञों ने इन प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में बीएचयू का रहा दबदबा
कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने शोध कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में:
प्रथम स्थान: डॉ. वर्षा यादव (आईएमएस-बीएचयू, वाराणसी)
द्वितीय स्थान: डॉ. आर्यन राज (आईएमएस-बीएचयू, वाराणसी)
तृतीय स्थान: डॉ. सिद्धांत शर्मा (मेडिकल कॉलेज मेरठ)
को प्राप्त हुआ।
फ्री पेपर प्रस्तुतीकरण में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
वैज्ञानिक शोध प्रस्तुतियों की फ्री पेपर प्रतियोगिता में:
प्रथम स्थान: डॉ. प्रांजल गर्ग (वाराणसी)
द्वितीय स्थान: डॉ. गोविंद सैनी (मेडिकल कॉलेज मेरठ)
तृतीय स्थान: डॉ. दीप्ति यादव (मेडिकल कॉलेज मेरठ)
को सम्मानित किया गया।
वीडियो प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता के विजेता
वीडियो प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में आधुनिक शल्य तकनीकों और क्लीनिकल प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।
प्रतियोगिता में:
प्रथम स्थान: डॉ. अनुष्का क्याल (वाराणसी)
द्वितीय स्थान: डॉ. वर्षा यादव (वाराणसी)
ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रैपिड फायर राउंड ने बढ़ाया रोमांच
कॉन्फ्रेंस का सबसे आकर्षक सत्र रैपिड फायर राउंड रहा, जिसमें प्रतिभागियों को नेत्र रोग विज्ञान के किसी भी विषय पर तीन मिनट के भीतर अपना प्रस्तुतीकरण देना था।
इस प्रतियोगिता में:
प्रथम स्थान: डॉ. शिवानी दुरेजा (लखनऊ)
द्वितीय स्थान: डॉ. प्राची सारस्वत (मेडिकल कॉलेज मेरठ)
तृतीय स्थान: डॉ. शिवांगी शर्मा (मेडिकल कॉलेज मेरठ)
ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए।
नेत्र रोग विज्ञान में अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
कॉन्फ्रेंस के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ युवा चिकित्सकों को नवीन शोध, आधुनिक उपचार तकनीकों और जटिल मामलों के सफल प्रबंधन की जानकारी प्रदान करते हैं। इससे मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलती है।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. प्रियाक गर्ग, डॉ. प्रखर, डॉ. अलका गुप्ता, डॉ. प्रियंका गोसाई तथा नेत्र रोग विभाग के सभी स्नातक एवं परास्नातक छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा आयोजकों ने सभी विशेषज्ञों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।