घंटाघर स्थित कार्यालय पर चोरी की घटना का खुलासा करते एसपी सिटी मेरठ
मेरठ। थाना नौचंदी पुलिस ने बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण तथा दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को शास्त्रीनगर निवासी राजकुमार खुराना ने थाना नौचंदी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना नौचंदी में मु0अ0सं0 182/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन के निर्देशन में थाना नौचंदी पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नौचंदी ग्राउंड के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नजाकत पुत्र सलीम, निवासी ढबाई नगर (हाल निवासी सेक्टर-4, शास्त्रीनगर, थाना नौचंदी) तथा सलीम पुत्र अजीज, निवासी जाटव चौक के पास, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है।
पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सामान में से एक मंगलसूत्र की चेन, चार जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, चार जोड़ी हीरे के टॉप्स तथा दो लाख रुपये नकद बरामद किए। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 331(4) एवं 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी कर दी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नजाकत के विरुद्ध पहले भी वर्ष 2024 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं सलीम के खिलाफ वर्तमान चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुनीत पांडेय, उपनिरीक्षक विनीत कुमार, उपनिरीक्षक सुमित विमल, हेड कांस्टेबल कपिल भाटी तथा हेड कांस्टेबल इमरान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।