मन की बात सुनते भाजपा नेता
मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित दांतल रोड के इशिका फार्म पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षद, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों का अनुसरण कर ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है।
इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, प्लास्टिक प्रबंधन और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्लास्टिक का केवल बहिष्कार करने के बजाय उसके रीसाइकिल और रीयूज पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने आगामी गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों से अपील की कि वे अपने देश की मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमा ही घरों में स्थापित करें तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी मूर्तियों के उपयोग से बचें, क्योंकि उनके विसर्जन से नदियों और जलाशयों का प्रदूषण बढ़ता है। प्रधानमंत्री के इन संदेशों का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के उपरांत इशिका फार्म परिसर में अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में डॉ. वाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला अभियान बन चुका है। प्रत्येक संस्करण में ऐसा विषय सामने आता है जो सीधे आम नागरिक के जीवन और राष्ट्रहित से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि मिट्टी की गणेश प्रतिमा अपनाने का संदेश स्वदेशी भावना और पर्यावरण संरक्षण—दोनों को एक साथ मजबूत करता है। उन्होंने सभी से इस संदेश को स्वयं अपनाने और समाज में व्यापक स्तर पर प्रचारित करने की अपील की।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा नेता नीरज मित्तल ने बताया कि मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र के कंकरखेड़ा मंडल के बूथ संख्या-112 पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ अब केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का जनआंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री के प्रत्येक संदेश से देशवासियों को नई प्रेरणा मिलती है और भाजपा कार्यकर्ता इन विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन मन की बात के महानगर संयोजक विवेक वाजपेयी ने किया। इस अवसर पर भाजपा के निवर्तमान महानगर उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, राजेश खन्ना, पार्षद बबिता खन्ना, किशन वैध, गणेश अग्रवाल, मनोज मित्तल, रविंद्र मलिक, लवली भारद्वाज, जौनी मित्तल, हेतराम शाक्य, महेंद्र रस्तोगी, मुकेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, शांतनु त्रिपाठी, अक्षय बेनीवाल, बालेश गर्ग, नीलम गिरी, जयप्रभा पाल, अनिता प्रजापति, अमित जैसवाल, मनमोहन हरदोई, अमित शर्मा, जितिन ठाकुर, संजीव कुमार सहित सैकड़ों व्यापारी बंधु, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।