शिक्षा जागरूकता रैली में शामिल लोग
मेरठ। संयुक्त एजुकेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को शहर में भव्य “शिक्षा जागरूकता रैली” का आयोजन किया गया। गोला कुआं, मेरठ से शुरू हुई इस रैली में विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की अलख जगाना और शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था।
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेजर हिमांशु (पूर्व मेडिकल ऑफिसर, आर्मी), राष्ट्रपति पदक विजेता सरबजीत सिंह कपूर, समाजसेवी डेनियल मसीह तथा यूनाइटेड एजुकेशन ट्रस्ट के प्रतिनिधि मास्टर मोहम्मद साबिर खान ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मेजर हिमांशु ने कहा कि शिक्षा ही समाज में व्याप्त अज्ञानता, अपराध, भेदभाव और अन्य सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा ही देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
यूनाइटेड एजुकेशन ट्रस्ट के प्रतिनिधि मोहम्मद साबिर खान ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सपनों को साकार करने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाली विभिन्न संस्थाओं को एक साझा मंच उपलब्ध करा रहा है, ताकि सभी मिलकर समाज में शिक्षा का विस्तार कर सकें और देश को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान सरबजीत सिंह कपूर, डेनियल मसीह, काजी हाफिजुर रहमान, विक्रांत वशिष्ठ, समाजसेवी बाकर तथा प्रिंसिपल फजलुर्रहमान सहित कई वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और समाज से अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने की अपील की।
शिक्षा जागरूकता रैली गोला कुआं से प्रारंभ होकर भूमिया पुल, तारापुरी, श्याम नगर और फतेहउल्लाहपुर रोड होते हुए मेरठ गर्ल्स इंटर कॉलेज, हुमायूं नगर पहुंची, जहां समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
रैली को सफल बनाने में डॉ. नौशाद, मुफ्ती मोहम्मद जुनैद, मुफ्ती मुरसलीन, डॉ. अब्दुल माजिद, सैयद अनस सब्जवारी, मोहम्मद मुस्तकीम, मेराजुद्दीन अंसारी, साजिद अनवर, जहीदुल्लाह खान, सुल्तान अहमद, कर्रार हुसैन, जहीरुद्दीन, अल्वी, जुहेब तथा नायाब आलम सहित अनेक लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ताबिश फरीद ने किया, जबकि अंत में रैली के संयोजक रियासत अली एडवोकेट ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल रैली निकालना नहीं, बल्कि समाज में ऐसी जागरूकता पैदा करना है कि कोई भी बच्चा आर्थिक, सामाजिक या अन्य किसी कारण से शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।