विपिन हत्याकांड को लेकर अपनी मांगों का ज्ञापन देते आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ता
मेरठ। जनपद मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में हुए विपिन हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है। सोमवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी मेरठ को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
जिला अध्यक्ष वरुण सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कंकरखेड़ा निवासी विपिन पुत्र कुंवरपाल की 21 जून 2026 को हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना कंकरखेड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 503/2026 दर्ज है। संगठन का आरोप है कि मामले में अभी भी सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पीड़ित परिवार को पर्याप्त राहत भी नहीं मिली है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि पुलिस निष्पक्ष जांच करते हुए घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
- हत्याकांड में शामिल सभी अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
- पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
- परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
- परिवार की सुरक्षा को देखते हुए एक सदस्य को शीघ्र शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए।
- अभियुक्तों के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट की उपयुक्त धाराएं बढ़ाई जाएं ताकि कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
- संगठनों ने दी न्याय दिलाने की चेतावनी
ज्ञापन सौंपने के दौरान आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
ये रहे मौजूद पदाधिकारी
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष वरुण सिंह (एडवोकेट), भीम आर्मी के जिला संयोजक चतर सिंह, प्रदेश सचिव डॉ. ओम प्रकाश, संगठन मंत्री संजीव पाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बजरमोहन, मंडल अध्यक्ष भीम सिंह, जिला प्रभारी पाल जी, फहीम, जिला महासचिव खुशवीर, प्रताप सागर, पंकिल उमेर, शाहजेब, अनमोल मलिक, बाबर चौहान, डॉ. वकील अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी एवं भीम आर्मी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।