मेरठ बार एसोसिएशन
मेरठ। कलेक्ट्रेट परिसर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या, अव्यवस्थित पार्किंग और वाहनों के सुचारू आवागमन को लेकर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, मेरठ ने जिलाधिकारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए 9 सूत्रीय सुझावों पर अमल करने की मांग की है। बार एसोसिएशन का कहना है कि यदि इन सुझावों को लागू किया जाता है तो कलेक्ट्रेट परिसर में वर्षों से चली आ रही यातायात और पार्किंग की समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।
महामंत्री प्रशांत गुप्ता (एडवोकेट) द्वारा 29 जून 2026 को जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में लगभग 3,000 अधिवक्ता पंजीकृत हैं, जो प्रतिदिन न्यायिक कार्यों के लिए कचहरी आते हैं। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत कार्यालय, विकास भवन, डाकघर, बैंक सहित अनेक सरकारी कार्यालय भी इसी परिसर में संचालित हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, न्यायाधीश, अधिवक्ता, वादकारी, राजनीतिक प्रतिनिधि और आम नागरिक आते हैं, जिसके चलते दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
बार एसोसिएशन ने कहा कि सीमित पार्किंग और संकरी सड़कों के कारण प्रतिदिन सुबह लगभग 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल अधिवक्ताओं और वादकारियों को परेशानी होती है बल्कि प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित होते हैं।
बार एसोसिएशन ने रखे ये 9 प्रमुख सुझाव
- चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस चौकी के पास स्थित जर्जर भवन और उसके आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर अस्थायी रूप से चारपहिया पार्किंग बनाई जाए। भविष्य में इसी स्थान पर प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाए।
- मंदिर के पीछे खाली स्थान का उपयोग कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मंदिर के निकट प्याऊ के पीछे खाली पड़े स्थान को व्यवस्थित कर चारपहिया वाहनों की पार्किंग के रूप में विकसित किया जाए।
- शिव मंदिर के सामने लगी जंजीरों को हटाया जाए शिव मंदिर के सामने लगी जंजीरों और लोहे के गेट को वर्तमान स्थान से हटाकर कलेक्ट्रेट भवन की सीध में लगाया जाए ताकि सड़क की चौड़ाई बढ़ सके और वाहनों के निकलने में सुविधा हो।
- जिला पंचायत कार्यालय के सामने अवरोध हटें जिला पंचायत कार्यालय के बाहर लगे पिलर और जंजीरों को लगभग तीन फीट पीछे कराया जाए, क्योंकि वहां तिराहा होने के कारण वाहन मोड़ने में काफी दिक्कत होती है।
- अतिक्रमण हटाने की मांग अंबेडकर चौराहे से डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के मुख्य द्वार और वहां से जिला पंचायत कार्यालय तक सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
- सड़क चौड़ीकरण कराया जाए अंबेडकर चौराहे से सिविल कोर्ट परिसर तथा जिला पंचायत कार्यालय से कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार तक सड़क का चौड़ीकरण कराया जाए।
- वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू हो अंबेडकर चौराहे से जिला पंचायत कार्यालय तथा जिला पंचायत कार्यालय से कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की जाए ताकि ट्रैफिक का दबाव कम हो सके।
- जिला पंचायत कार्यालय की अलग पार्किंग जिला पंचायत कार्यालय में आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल विकसित किया जाए, जिससे मुख्य मार्ग पर दबाव कम हो।
- बाहरी वाहनों के लिए अलग पार्किंग और वैलेट व्यवस्था कलेक्ट्रेट और कचहरी परिसर के बाहर चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग बनाई जाए। साथ ही अधिवक्ताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों के अतिरिक्त आने वाले वादकारियों एवं अन्य लोगों के लिए वैलेट पार्किंग जैसी व्यवस्था लागू करने पर भी विचार किया जाए।
प्रशासन से सहयोग की अपील
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में कहा कि वह कलेक्ट्रेट परिसर में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रशासन के साथ हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जनहित और न्यायिक कार्यों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित सुझावों पर शीघ्र आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।
ज्ञापन पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रशांत गुप्ता (एडवोकेट) के हस्ताक्षर हैं। एसोसिएशन का मानना है कि इन प्रस्तावों को लागू किए जाने से कलेक्ट्रेट और कचहरी परिसर में प्रतिदिन लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकेगी और अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।