प्रेस क्लब जीर्णोद्वार की मांग को लेकर जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे संयुक्त प्रेस क्लब के पदाधिकारी
मेरठ। मेरठ प्रेस क्लब भवन की जर्जर स्थिति, मूलभूत सुविधाओं की कमी और परिसर के विकास को लेकर संयुक्त प्रेस क्लब (पंजीकृत), मेरठ ने जिलाधिकारी को 8 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संगठन ने प्रेस क्लब भवन के तत्काल जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों की इस महत्वपूर्ण संस्था को बेहतर स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
संयुक्त प्रेस क्लब के अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी, महामंत्री धर्मेंद्र तोमर और कोषाध्यक्ष लियाकत मंसूरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मेरठ प्रेस क्लब भवन की दीवारें, छत और अन्य हिस्से काफी जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भवन की स्थिति और खराब हो सकती है।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
- संयुक्त प्रेस क्लब ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया है—
- प्रेस क्लब भवन की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त दीवारों, छत तथा अन्य हिस्सों की मरम्मत और आवश्यक पुनर्निर्माण कराया जाए।
- भवन की पुताई, रंगाई, पेंटिंग और समुचित सौंदर्यीकरण कराया जाए।
- प्रेस क्लब परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक विद्युत सुधार कार्य कराए जाएं।
- पत्रकारों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।
- परिसर में पौधारोपण एवं हरित विकास कार्य कराकर वातावरण को स्वच्छ, आकर्षक और व्यवस्थित बनाया जाए।
- भवन एवं परिसर के नियमित रखरखाव के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- मेरठ प्रेस क्लब को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे शीघ्र लागू किया जाए।
- पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों की संस्था के भवन का संरक्षण, विकास और आधुनिकीकरण केवल पत्रकार हित तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और जनहित में भी आवश्यक कदम है।
संयुक्त प्रेस क्लब ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि मेरठ प्रेस क्लब की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हो सके और भवन के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।
ये रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी, महामंत्री धर्मेंद्र तोमर, कोषाध्यक्ष लियाकत मंसूरी, राजेंद्र चौहान, सुशील गांधी, अशोक टाइगर, रमेश सोनी, एम.एच. खान, श्रीपाल तवेतिया, अशोक गोस्वामी, सुनील बदली, गौरव पांडेय, अंकुर भारद्वाज, अन्नू अग्रवाल, शालू शर्मा, जाहिदा खान, वंशिका शर्मा, माही कश्यप, एम.पी. गौतम, मदन गोपाल, राहुल गुप्ता, दिनेश कुमार सिंघल, प्रभात रस्तोगी, विभूति रस्तोगी, गौरव गोयल, सुनील शर्मा, मुन्ना, आसिफ उर्फ बॉबी, नदीम, अविनाश सक्सेना, नौशाद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों का कहना है कि यदि भवन का समय रहते जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण कराया जाता है तो इससे पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और मेरठ प्रेस क्लब को एक आधुनिक एवं व्यवस्थित पहचान प्राप्त होगी।