मानव श्रृंखला के माध्यम से जनसंख्या नियंत्रण की अलग जागते सुरभि परिवार की कार्यकर्ता
मेरठ। जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरभि परिवार के आह्वान पर बुधवार शाम मेरठ के बच्चा पार्क से ‘ग्यारह दिन–ग्यारह समस्याएं’ जनजागरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने मानव श्रृंखला बनाकर बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया तथा जनसंख्या नियंत्रण संबंधी संदेशों वाले बैनर और तख्तियां हाथों में लेकर आमजन से संवाद किया।
मानव श्रृंखला के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि देश के संतुलित विकास, सीमित संसाधनों के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए जनसंख्या नियंत्रण के संबंध में प्रभावी कानून बनाए जाने की मांग का समर्थन करें। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भी अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान दिनेश तलवार और दिशा तलवार ने कहा कि भारत वर्तमान में विश्व का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश है। तेजी से बढ़ती जनसंख्या के कारण रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में देश को अनेक सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण केवल सरकारी विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। समाज के प्रत्येक वर्ग को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उनके अनुसार, देशहित में दो बच्चों की नीति लागू किए जाने पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए और इस विषय पर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
तलवार दंपति ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह सकारात्मक और जनजागरूकता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी धर्म, समुदाय, राजनीतिक दल या सरकार का विरोध करना नहीं है, बल्कि जनसंख्या वृद्धि से जुड़ी चुनौतियों के प्रति समाज को जागरूक करना और प्रधानमंत्री से इस विषय पर कानून बनाने का आग्रह करना है।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से 11 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष जनजागरण अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मानव श्रृंखला, पदयात्रा, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, हस्ताक्षर अभियान तथा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन और पत्र भेजने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर जनसंख्या से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, अभियान के तहत 10 जुलाई को नई दिल्ली तथा 11 जुलाई (विश्व जनसंख्या दिवस) के अवसर पर लखनऊ में विशेष जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में विभिन्न राज्यों से सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंख्या से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करेंगे और संतुलित विकास, संसाधनों के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जनसंख्या नियंत्रण संबंधी जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने और समाज के बीच इस विषय पर संवाद बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।