टैट परीक्षा के दौरान राम सहाय इंटर कॉलेज में निरीक्षण के लिए पहुंचे मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
यूपीटीईटी-2026: मेरठ में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, निष्पक्ष परीक्षा के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मेरठ उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राम सहाय इंटर कॉलेज और हार्वर्ड प्लेटेड गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी निगरानी, बायोमैट्रिक सत्यापन, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और परीक्षा संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वी.के. सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा की निगरानी कर रहा है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि यूपीटीईटी-2026 जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, विद्यालयों का स्टाफ तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।