लखनऊ पहुंचे नितिन नबिन का स्वागत करते उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन का शनिवार को पहली बार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आगमन हुआ। राजधानी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं भगवा अंगवस्त्र ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिचय भी कराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत का संदेश साझा करते हुए लिखा कि “प्रभु श्रीराम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के अवसर पर भाजपा और प्रदेश सरकार के अनेक वरिष्ठ नेता एवं मंत्री उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र चौधरी, ए.के. शर्मा, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संजय निषाद, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, संजय सेठ, ब्रजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला लखनऊ दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके इस दौरे के दौरान संगठन की आगामी रणनीति, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा उन्होंने गर्मजोशी के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।